सासाराम (voice4bihar Desk)। नियम और कानून सभी के लिए एक समान होते हैं। इसका अहसास शुक्रवार को शहर के रौजा रोड पर जिला प्रशासन ने करा दिया। सासाराम के राजद विधायक की गाड़ी के शहर के निषेध क्षेत्र में घुसने पर ढाई हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
जानकारी के मुताबिक, विधायक राजेश कुमार गुप्ता की गाड़ी बीआर 24पीए 4444 को वन वे किए गए रौजा रोड में विपरीत दिशा से लौटने के क्रम में अपर अनुमंडल पदाधिकारी रिजवान फिरदौस कुरैशी ने जांच अभियान के दौरान रोक दिया। गाड़ी के निषिद्ध क्षेत्र में परिचालन पर उन्होंने 2500 रुपये बतौर जुर्माना वसूल किया। इस दौरान उन्होंने सूर्यपुरा प्रखंड के घोसलडीह पैक्स अध्यक्ष के वाहन को भी सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर जुर्माना वसूला।
विज्ञापन
अपर अनुमंडल पदाधिकारी रिजवान फिरदौस कुरैशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर को जाम मुक्त रखने के उद्देश्य से रौजा रोड को वनवे किया गया है। इसका उल्लंघन करने पर सासाराम के विधायक राजेश गुप्ता की गाड़ी सहित अन्य गाड़ियों को पकड़ा गया तथा उनसे जुर्माना वसूला गया। उन्होंने कहा कि कानून की नजर में सभी एक समान हैं। शहर को जाम मुक्त रखने के लिए सभी को प्रशासन का सहयोग करना होगा।
विदित हो कि शहर को जाम मुक्त रखने एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसके तहत रौजा रोड में अतिरिक्त डिवाइडर का निर्माण कर इसे वनवे किया गया है। कई सड़कों पर से अतिक्रमण भी हटाया गया है। इसका लाभ भी अब शहर वासियों को मिलने लगा है। डीएम ने शहर की मुख्य सड़क के चौड़ीकरण कार्य में भी तेजी लाने का संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है ताकि जाम की समस्या का स्थाई समाधान किया जा सके।