- आगामी पंचायत चुनाव में फिर से भाग्य आजमाने की चाहत रही अधूरी
- वित्तीय अनियमितता के आरोप में पंचायती राज विभाग ने की कड़ी कार्रवाई
सासाराम (voice4bihar desk)| आगामी पंचायत चुनाव में फिर से भाग्य आजमाने को तैयार रोहतास जिले के 4 मुखिया जी को जोरदार झटका लगा है। कार्यकाल पूरा करने के अंतिम समय में जिले के और चार मुखिया पद से बर्खास्त हो गए। इन्हें मिलाकर फरवरी माह में अबतक रोहतास जिले के10 मुखिया बर्खास्त किये जा चुके हैं। पंचायत चुनाव के ऐन पहले हुई इस कार्रवाई से इनके सियासी भविष्य पर भी प्रश्न चिन्ह लग गया है।
पंचायती राज विभाग के आदेश पर हुई इस कार्रवाई की जद में इन मुखियाओं पर भी लगा वित्तीय अनिमितता का आरोप है। पंचायती राज नियमावली की कंडिका 18/5 के तहत इन्हें पद मुक्त कर दिया है। जिला पंचायती राज विभाग के सूत्रों ने बताया कि वित्तीय अनिमितता व सरकारी गाइडलाइन के विपरीत सोलर लाइट लगाने व गड़बड़ी करने के आरोप में पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव पंचायती के आदेश पर चार मुखिया को पदमुक्त कर दिया गया है।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई की जद में आने वाले मुखिया हैं- चेनारी प्रखंड अंतर्गत बनौली पंचायत की मुखिया आशा देवी, उगहनी पंचायत के मुखिया राजवंश पासवान, फुलवरी पंचायत के शिवशंकर राम व डिहरियां पंचायत के मुखिया संतोष तिवारी उर्फ पिंटू तिवारी।
चुनावी साल में ताबड़तोड़ हो रही मुखिया लोगों की बर्खास्तगी से जहां जनप्रतिनिधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं संबंधित पंचायतों में सियासी हलचल भी बढ़ गई है। फरवरी माह में अबतक 10 मुखिया बर्खास्त किये जा चुके हैं।
बतातें चले कि हाल में ही विगत तीन फरवरी को वित्तीय अनिमितता व सरकारी गाइडलाइन के विपरीत सोलर लाइट लगाने व गड़बड़ी करने के आरोप में चेनारी प्रखंड के ही केनार कला पंचायत के मुखिया अनिल कुमार, देवडिही पंचायत की मुखिया शिवमूरत राम, चेनारी के मुखिया आर्चना देवी, पेवंदी के मुखिया समिमा खातुन, खुर्माबाद के मुखिया मुसा कुरैसी, सदोखर के मुखिया राम एकबाल सिंह पर कार्रवाई की गयी थी. इस कार्रवाई के बाद अन्य पंचायत के मुखियायों में हड़कंप मचा हुआ है.