आज महिला दिवस पर सिर्फ महिलाओं को लगेगा कोरोना का टीका
महिलाओं को कोरोना का टीका लगाने के प्रति समर्पित होगा इस बार का अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
45 साल से अधिक उम्र की गंभीर बीमारी वाली महिलाओं को लगेगा टीका
60 से अधिक उम्र की हर महिला होगी कोरोना टीका की हकदार
Voice4bihar desk. अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को जहां महिलाओं के सम्मान में बहुतेरे कार्यक्रम आयोजित होंगे, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें कोरोना का टीका लगाकर जीवन रक्षा की पहल की है। यानि महिलाओं को कोरोना का टीका लगाने के प्रति समर्पित होगा इस बार का अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस। इस अभियान की सफलता के लिये जिला स्तर पर हर जगह तैयारी पूरी कर ली गयी है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस इस बार कई मायनों में खास होगा। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर साल आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया जाता है। इस बार यह दिवस महिलाओं को कोरोना का टीका लगाये जाने के लिए पूरी तरह समर्पित होगा। राज्य के हर जिले में बनाए गए प्रत्येक हेल्थ वैलनेस सेंटर पर दो टीकाकरण सत्र स्थल का संचालन किया जायेगा। प्रत्येक सत्र पर सौ लोगों को टीकाकृत किये जाने की योजना है।
विज्ञापन
आंगनबाड़ी, आशा व जीविका कर्मियों को विशेष दायित्व
इसी तरह एक पीएचसी में चार टीकाकरण सत्र का संचालन किया जाना है। सभी सत्र स्थल पर कम से कम 100 लोगों को टीकाकृत किया जाना है। अभियान की सफलता में आशा व जीविका कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण रखी गयी है। महिला दिवस पर आयोजित होने वाले विशेष टीकाकरण अभियान की सफलता में आंगनबाड़ी कर्मी, आशा कार्यकर्ता व जीविका दीदियों को विशेष जिम्मेवारी दी गयी है।
सभी कर्मियों को अपने संबंधित क्षेत्र के कम से कम पांच 45 साल से अधिक उम्र की बीमार महिला व 60 साल से अधिक उम्र की बुजुर्ग महिलाओं को नजदीकी टीकाकरण सत्र स्थल पर ले जाकर उनका टीकाकरण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। इस दिशा में बेहतर काम करने वाली महिला कर्मियों को सम्मानित करने की भी बात कही गयी है।
इतना ही नहीं इस दिन सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के लिये भी सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में विशेष इंतजाम किये जायेंगे। इसके लिये स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष इंतजाम किये जाने हैं। इस दिन मां बनने वाली महिलाओं को भी कई जिलों में प्रशासनिक तौर पर सम्मानित किये जाने की योजना है।