कैमूर में मकान की दीवार गिरी, मां व दो बेटों की मौत
भोजपुर में छज्जा गिरने से एक ही परिवार के सात घायल
शाहाबाद क्षेत्र में दो जगहों पर हुए हृदय विदारक हादसे
घायलों में तीन महिलाओं समेत चार मासूम बच्चे शामिल
भभुआ/आरा (voice4bihar desk)। शाहाबाद पुलिस प्रमंडल के दो जिलों में शुक्रवार की शाम दो हृदयविदारक हादसे सामने आए। कैमूर जिले में जहां मकान की दीवार गिरने से एक मां समेत उसके दो बेटों की मौत हो गयी वहीं भोजपुर में मकान का छज्जा गिरने से एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए।
कैमूर के चांद गांव में रात आठ बजे गिरी दीवार
मिली जानकारी के अनुसार कैमूर जिले के चांद थाना अंतर्गत बीयूरी ग्राम में एक मकान की दीवार गिर गयी। उसमें दबकर एक महिला व उसके दो बेटों की मौके पर मौत हो गयी । घटना शुक्रवार की शाम करीब 8:00 बजे के आसपास की बताई जा रही। घटना की सूचना मिलते ही चांद थाना की पुलिस मौके पर पहुँच गयी। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया गया लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है, वहीं गांव में मातम छा गया है।
विज्ञापन

भोजपुर में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव में गिरा जर्जर छज्जा
भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव में शुक्रवार की शाम घर का छज्जा गिरने से एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गये। घायलों में तीन महिला समेत चार मासूम बच्चे शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए जगदीशपुर अनुमंडलीय रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
घर के बाहर बैठा था पूरा परिवार, तभी गिर पड़ा छज्जा
जानकारी के अनुसार जख्मियों में हरदिया गांव निवासी बेबी देवी, उसकी दो पुत्री सरेगनी कुमारी, गुड़िया कुमारी, चितरंजन कुमार का पुत्र विवेक कुमार, प्रसादी कुमार सिंह की पत्नी फुलवंती देवी, बसंती देवी, उसकी पुत्री सिटी कुमारी है। इधर, जख्मी बेबी देवी ने बताया कि आज शाम सभी लोग घर में बैठे थे। उसी बीच वह घर झाड़ू दे रही थी। तभी अचानक घर का छज्जा भरभरा के उन पर गिर पड़ा। जिससे सात लोग जख्मी हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जगदीशपुर अनुमंडलीय रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया।