16वां बुद्ध महोत्सव आज, सोनहर में जुटेंगे देश-विदेश के लोग
बिहार सरकार के मंत्री आलोक मेहता होंगे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि
पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह व पूर्व मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा समेत शाहाबाद क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि भी आएंगे सोनहर
सासाराम (Voice4bihar News)। रोहतास जिले के सोनहर स्थित शाक्यमुनि बुद्ध विहार में आज धूमधाम के साथ 16वां बुद्ध महोत्सव मनाया जाएगा। समारोह की पूर्व संध्या पर शनिवार को सोनहर गांव के हर घर में आगंतुकों का आने का सिलसिला जारी है। इसके साथ ही सैकड़ों बौद्ध भिक्षु बुद्ध विहार के परिसर में पधार चुके हैं। उधर, 16वें बुद्ध महोत्सव की तैयारी को अंतिम रुप देने में जुटे शाक्यमुनि बुद्ध विहार सोनहर के सदस्यों ने पूरी ताकत झोंक दी। जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए हैं। मुख्य मार्ग की सफाई एवं रंगरोगन का काम जोर-शोर से चल रहा है। जिला मुख्यालय सासाराम से लेकर शिवसागर होते हुए सोनहर तो तोरणद्वार, पोस्टर-बैनर व पंचशील ध्वज से सड़कें पट गयी हैं।
समारोह स्थल पर मुख्य मंच को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। महोत्सव स्थल पर मेले जैसा माहौल है। खाने-पीने की चीजों से संबंधित स्टाल के साथ ही बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला, चरखा एवं खिलौने की दुकानें सज गयी हैं। देश के तमाम महापुरुषों की जीवनी व दर्शन से संबंधित पुस्तकों का भव्य स्टॉल लगाया जा रहा है। इसमें तथागत बुद्ध की विभिन्न मुद्राओं में प्रतिमा, राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न एवं महापुरुषों के पोट्रेट आदि भी उपल्बध होंगे।
सुबह से रात तक चलेगा कार्यक्रम
विदित हो कि महोत्सव का आरंभ सुबह 6:00 बजे प्रभातफेरी से होगा। इसके बाद 10:00 बजे पंचशील ध्वजारोहण के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ आगत अतिथियों के हाथों होगा। फिर बुद्ध वंदना, धम्म चर्चा में तमाम गणमान्य लोग भाग लेंगे। महोत्सव में आए लोगों में जागृति फैलाने के मकसद से एक आकर्षक कार्यक्रम रखा गया है। “विज्ञान द्वारा जादू का पर्दाफाश” कार्यक्रम में लोगों को धार्मिक व जादूई चमत्कार के नाम पर दिखाये जाने वाले पाखंडों के प्रति जागरुक किया जाएगा।
विज्ञापन
धम्मा अशोक की प्रतिमा का होगा अनावरण
शाम 3:00 बजे धम्मा अशोक की प्रतिमा का अनावरण मुख्य अतिथि भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री आलोक मेहता के हाथों होगा। साथ ही तथागत बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण पूर्व मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह समेत शाहाबाद क्षेत्र के तमाम राजनीतिक व सामाजिक नेता-कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में आएंगे। दुनिया के अलग-अलग देशों से पधारे बौद्ध भिक्षु इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। सभी गणमान्य लोग ”वर्तमान परिवेश में मानव कल्याण के लिए तथागत बुद्ध के संदेश” परचर्चा में तमाम दिग्गज भाग लेंगे।
सांस्कृतिक कलाकारों के साथ वायरल गर्ल सलोनी कुमारी भी आएंगी
शाम के वक्त सांस्कृतिक व शैक्षिक कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सोनहर अंतर्गत विभिन्न स्कूलों के बच्चे भाग लेंगे। गायक धनंजय कुशवाहा एवं अवधेश सिंह अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। रोहतास जिले के तिलौथू की वायरल गर्ल सलोनी कुमारी भी बौद्ध भिक्षुओं का आशीर्वाद लेने के लिए सोनहर आएंगी। इसके अलावा बुद्ध महोत्सव एवं मेले में क्षेत्र के 10 हजार के अधिक लोगों के आने का अनुमान है।
राजनीतिक व सामाजिक दिग्गजों का होगा जुटान
राजनीतिक हस्तियों का होगा जुटान
16वें बुद्ध महोत्सव में आने वाले विशिष्ट अतिथियों में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह के अलावा फतेह बहादुर सिंह (विधायक, डेहरी), बशिष्ठ सिंह (पूर्व विधायक करगहर), श्याम बिहारी राम (पूर्व विधायक, चेनारी), विरेन्द्र कुशवाहा (सदस्य पिछड़ा आयोग बिहार सरकार), आलोक कुमार सिंह (नेता जदयू), काजल कुमारी (मेयर, नगर निगम, सासाराम), सत्यवंती देवी (उप-मेयर, सासाराम), पूनम देवी (अध्यक्ष जिला पार्षद, सासाराम), विवेक कुमार उर्फ डब्लु भईया (जिला अध्यक्ष यूथ, कांग्रेस, रोहतास), चन्द्रशेखर सिंह (पूर्व उपाध्यक्ष नगर परिषद, सासाराम), रंजना देवी (जिला परिषद उत्तरी, शिवसागर), सुप्रिया रानी (जिला परिषद दक्षिणी, शिवसागर), प्रेमलता देवी (प्रमुख शिवसागर), विनय कुमार सिंह ( उप प्रमुख, शिवसागर), गिरजाघारी पासवान ( संस्थापक सम सोसाईटी ऑफ इंडिया), रवि मौर्य (संस्थापक, मौर्यशक्ति, भारत) आदि प्रमुख हैं।