चाचा का हत्यारा भतीजा कट्टा सहित गिरफ्तार
काराकाट के चिल्ला गांव में हुई थी हत्या, 24 घंटे के भीतर धराया कातिल
जबरन जोतना चाहता था चाचा की जमीन, मना करने पर मारी गोली
कट्टा भी साथ में लिये घूम रहा था चाचा का हत्यारा
रोहतास से अभिषेक कुमार सुमन की रिपोर्ट
विज्ञापन
सासाराम (voice4bihar news)। रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के चिल्ला गांव में जगनारायण सिंह हत्याकांड के अभियुक्त चंद्रमणि सिंह को पुलिस ने देसी कट्टा के साथ 24 घंटे के भीतर धर दबोचा। चाचा का हत्यारा चंद्रमणि बहुआरा काली मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधी के पास से हत्याकांड में प्रयोग किए गए कट्टा को भी बरामद करने में पुलिस सफल रही है। इस आशय की जानकारी रोहतास पुलिस कप्तान आशीष भारती ने दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक जगनारायण सिंह की दो बीघा जमीन पर अभियुक्त चंद्रमणि सिंह खेती बारी करता था। जगनारायण सिंह नौकरी पेशा व्यक्ति थे, जो हाल के दिनों में गांव पर रह रहे थे। जगनारायण सिंह को संतोषजनक पैदावार ना मिलने के कारण उन्होंने चंद्रमणि सिंह को 2 बीघा जमीन पर खेती करने से मना कर दिया था, लेकिन चंद्रमणि सिंह उस जमीन पर जबरन खेती करना चाहता था।
इसी बात तो लेकर चाचा व भतीजा में विवाद चल रहा था। इसी बीच 2 दिन पहले जगनारायण सिंह और चंद्रमणि सिंह के बीच कहासुनी भी हुई थी। कहासुनी के बाद सोमवार की अहले सुबह दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई इसी क्रम में चंद्रमणि सिंह ने कट्टा निकालकर जगनारायण सिंह पर गोली चला दी। इस घटना में मौके पर ही जग नारायण सिंह ने दम तोड़ दिया। पूरे घटनाक्रम के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।