भीषण अगलगी में एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जले
किशनगंज में रसोई गैस सिलेंडर विस्फोट, पिता के साथ चार बच्चों की मौत
किशनगंज (voice4bihar desk)। बिहार के किशनगंज जिला मुख्यालय में सोमवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना में एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए। घर में भीषण अगलगी में गृहस्वामी सहित चार बच्चों की मौत हो गयी। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है। अगलगी की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिस घर में आग लगी, उसके आस पास के चार घर भी जलकर राख हो गये।
रसोई गैस का सिलेंडर हुआ ब्लास्ट तो शोले में तब्दील हुआ पूरा घर
मिली जानकारी के अनुसार किशनगंज शहर से सलाम कॉलोनी में सोमवार की सुबह यह घटना तब हुई, जब घर के सभी सदस्य अभी सो रहे थे। जब तक लोग सचेत हो पाते, पूरा घर आग के शोले में तब्दील हो चुका था। इस में चार बच्चों के साथ पिता भी जल कर राख हो गया। अब इस घर में सिर्फ एक मां जिंदा बची है। अगलगी स्थल पर एक रसोई गैस सिलेंडर के चिथड़े भी मिले हैं। माना जा रहा है कि रसोई गैस के कारण ही आग ने भयावह रुप अख्तियार किया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सिलेंडर विस्फोट के कारण आग लगी या आग लगने के बाद सिलेंडर फटा।
विज्ञापन
घर में सिर्फ मां बची जिंदा, अगलगी में चार बच्चों व पति की मौत
इधर, अगलगी की खबर सुनते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की और पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने में जुट गयी। तब तक आग ने आसपास के चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया था। फायर ब्रिगेड की टीम ने घर के कोने में फंसी एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि वह महिला भी गंभीर रुप से झुलस गयी है। अग्निशमन कर्मियों ने करीब एक घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
मृतकों की पहचान गृहस्वामी नूर आलम (44), बेटी तौफा (8) व बबली (6), बेटा रहमत (4) व शाहिद (2) शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। बताया जाता है कि अन्य घरों में रह रहे किरायेदारों की जान तो बच गयी लेकिन सभी लोगों का सामान जलकर राख हो गया। प्रशासन ने बताया कि अगलगी के कारण की जांच की जा रही है। घर में एक रसोई गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट हुआ है। आग से झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा।