दुबई में बैठे तस्कर नेपाल के रास्ते भारत में भेज रहे सोना, एक करोड़ का सोना जब्त
त्रिभुवन हवाई अड्डे पर बांग्लादेशी नागरिक के पास से एक करोड़ का सोना बरामद
एक सप्ताह में चार भारतीय नागरिक की सोने तस्करी में हो चुकी है गिरफ्तारी
दुबई से ही आए थे सभी तस्कर, नेपाल से भारत व बांग्लादेश जाने की थी तैयारी
राजेश कुमार शर्मा की रिपोर्ट
जोगबनी (voice4bihar news)। दुबई में बैठे सोना (Gold) तस्करों ने भारत में तस्करी का सोना भेजने का नया तरकीब निकाला है। विदेशों से नेपाल के रास्ते भारत के तरफ इन दिनों सोने की तस्करी लगातार बढ़ने से नेपाल के सुरक्षा अधिकारी भी अब सकते में हैं। बुधवार को ऐसे ही गिरोह का खुलासा तब हुआ जब करीब एक करोड़ रुपये के तस्करी के सोना के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस तस्करी में नेपाली व भारतीय नागरिकों के साथ ही बांग्लादेशियों को शामिल किये जाने की बात भी सामने आई है।
दुबई में बैठा तस्कर अपने केरियर के मार्फ़त भेज रहा सोना
भारत में कई तरह के अपराध को संरक्षण देने वाले अक्सर गल्फ कंट्री में पनाह लेते रहे हैं। भारतीय खुफिया व सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता के बाद अब नेपाल को टारगेट बना रहे हैं। दरअसल, बुधवार को फ्लाई दुबई के उड़ान से त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे 35 वर्षीय भारतीय नागरिक इरशाद अहमद की गतिविधि असामान्य दिखी तो सुरक्षा अधिकारियों ने इसका पीछा गुप्त तरीके से किया।
हवाई अड्डा के आगमन कक्ष में प्रवेश के साथ ही इसकी गतिविधि बदल गयी, जिसके बाद पीछा कर रहे पुलिसकर्मियों ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। इनके लगेज व शरीर की तलाशी ली गयी तो इनके पास से प्लास्टिक में पैक तरल पदार्थ बरामद किया गया, जिसकी जांच के बाद सोना होने की पुष्टि हुई।
विज्ञापन
केस स्टडी-2 : बुधबार को ही फ्लाई दुबई उड़ान से नेपाल पहुंचे भारतीय नागरिक 32 वर्षीय साहिद इब्राहिम शेख जब त्रिभुवन विमानस्थल पर उतरा तो वह काफी असहज लग रहा था। साथ ही इसकी गतिविधि संदेहास्पद दिखी तो पुलिस ने निगरानी शुरू कर दी। जब उसने आगमन कक्ष में प्रवेश किया तो पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर जांच शुरू की तो कुछ भी बरामद नहीं हुआ। हालांकि उसकी असहज स्थिति व संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए दुबारा जांच कराई गयी। जब एक्सरे मशीन में जांच हुई तो उसके मलद्वार में संदिग्ध वस्तु दिखी। इसके बाद पुलिस ने उसे जबरन शौच कराते हुए मलद्वार में छुपा कर रखा गया सोना जब्त किया।
केस स्टडी-3 : पिछले बृहस्पतिवार को नेपाल एयरलाइन्स के उड़ान होते हुए दुबई से नेपाल पहुंचे भारतीय नागरिक साथम हुसेन सेगु अबुबाकर की गतिविधि भी संदिग्ध लग रही थी। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पुलिस ने जांच की तो इसके मलद्वार में सोने होने की जानकारी मिली। इसके बाद शौच करा सोना बरामद किया, साथ ही अबुबाकर को गिरफ्तार किया था।
केस स्टडी-4 : बीते सोमवार को दुबई से नेपाल पहुंचे भारतीय नागरिक 50 वर्षीय सिराज बापुटी जब त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल पर उतरा तो इनकी गतिविधि भी शंकास्पद थी। इस पर भी पुलिस की पैनी निगाह थी। विमानस्थल के आगमन कक्ष से बाहर जा कर सिराज ने घरेलू उड़ान के टिकट लिया और बारा जिले के सिमरा जाने के लिए गुण एयर का टिकट लेकर जाने की तैयारी में था। इसी क्रम में पुलिस ने इसके झोला की जांच की तो इसके पास से सोने के तीन बिस्कुट बरामद किये।
एक सप्ताह में गिरफ्तार चार तस्करों का दुबई कनेक्शन
एक सप्ताह के अंदर दुबई में बैठे अंतरराष्ट्रीय सोना माफिया के द्वारा जिस तरह से नेपाल के रास्ते भारत सोने की तस्करी कर रहा है, वह कहीं न कहीं भारत की अर्थब्यवस्था के लिए सुखद नहीं है। विगत दिनों में दुबई में बैठे सोना तस्कर भारत में सोने तस्करी के लिए नेपाल के हवाई अड्डे का प्रयोग करते आ रहे हैं। इस तथ्य को विमानस्थल सुरक्षा गार्ड के एसपी नान्तीराज गुरुङ भी स्वीकार करते हैं। इनके अनुसार बीते कुछ महीने में सोना तस्करी में कई भारतीयों की गिरफ्तारी कर चुके हैं। इन सभी में समानता यह है कि गिरफ्तार सभी भारतीय नागरिक दुबई से ही आये थे। साथ ही इन्हें नेपाल से भारत ही जाना था।
सोना तस्करी में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल
बुधवार को दुबई से सोना तस्करी में बांग्लादेशी नागरिक की भी संलिप्तता सामने आयी है। विमानस्थल सुरक्षा गार्ड के एसपी नान्तीराज गुरुङ के अनुसार दुबई से नेपाल के रास्ते आ रहे भारतीय नागरिक को निगरानी के क्रम में बुधवार को विमानस्थल पुलिस ने चार बांग्लादेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया है। वही डेढ़ महीने के अवधि में अब तक पांच बांग्लादेशी नागरिक की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने इन लोगों के पास से एक करोड़ से ज्यादा का सोना 180.813 तोला (1.311 किलोग्राम) सोना बरामद किया है। हिमालयन एयर के उड़ान से यह लोग दुबई से काठमांडू होते हुए बांग्लादेश जाने की तैयारी में थे।