गैस एजेंसी के चालक को लूटने वाला अपराधी गिरफ्तार
एक साल पूर्व हुए नोखा में बक्सर कैनाल नहर पर हुई थी लूटपाट
अब तक चार अपराधी भेजे जा चुके हैं जेल, पांच अब भी फरार
रोहतास से बजरंगी कुमार के साथ अभिषेक कुमार सुमन की रिपोर्ट
सासाराम (voice4bihar news)। रोहतास पुलिस ने एक वर्ष पहले हुए लूटकांड में शामिल एक लुटेरे को धर दबोचा है। जिले के नोखा थाना अंतर्गत बक्सर कैनाल नहर पर ईसरपुरा मोड़ के पास एक वर्ष पूर्व यह वारदात हुई थी। लुटेरों ने मिश्रा गैस एजेंसी के टाटा मैजिक मालवाहक गाड़ी के चालक के साथ लूटपाट की थी। इस मामले में पुलिस ने नोखा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी गणेश सिंह के पुत्र जितेंद्र तांतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
9 शातिरों ने मिलकर लूटकांड को दिया था अंजाम
विज्ञापन
पिछले वर्ष 14 मई को तीन बाइक पर सवार 9 अपराधियों ने मिश्रा गैस एजेंसी के टाटा मैजिक को रोक कर हथियार का भय दिखाकर लूटपाट की थी। घटना संध्या 6:20 बजे के करीब हुई थी। लूटपाट की घटना से पहले अपराधियों ने गैस सिलेंडर की मांग की थी। गैस सिलेंडर देने में असमर्थता जाहिर करते हुए टाटा मैजिक के चालक चीनी चौधरी ने 1 दिन बाद गैस देने की बात कही थी।
इसके बाद पिस्तौल से लैस अपराधियों ने खलासी के हाथ से बैग साहित सैमसंग का छोटा मोबाइल लूट लिया और चलते बने थे। इस मामले में पुलिस ने धारा 395 के तहत नोखा थाना कांड संख्या 77/ 20 दर्ज किया था। तब से पुलिस ने अब तक चार अपराधियों को पकड़ने में सफलता पाई है।

अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी बनी चुनौती
मिश्रा गैस एजेंसी के चालक के साथ हुए लूट कांड में चौथे अभियुक्त की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए एसपी आशीष भारती ने बताया कि तीन अभियुक्तों को पूर्व में जेल भेजने की कार्रवाई रोहतास पुलिस कर चुकी है। चौथे अभियुक्त के तौर पर जितेन्द्र तांतो की गिरफ्तारी हुई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार तीन बाइक पर तीन तीन अपराधी सवार थे। पुलिस ने अब तक चार अभियुक्तों को दबोच ने में सफलता पाई है। ऐसे में शेष पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।