Header 300×250 Mobile

प्रदेश महिला जदयू में रालोसपा कोटे से 11 की इंट्री, मालती कुशवाहा व संजू प्रिया समेत चार बनीं उपाध्यक्ष

विलय से पहले रालोसपा में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं सभी नेत्रियां

975

- Sponsored -

- sponsored -

रोहतास व औरंगाबाद जिले से दो-दो महिला नेताओं को मिली संगठन में जगह

पटना (voice4bihar news)। जदयू में रालोसपा के विलय के बाद से पार्टी में पद की चाहत में बैठीं कई महिला नेताओं को शुक्रवार को महिला जदयू के प्रदेश संगठन में जगह मिली है। बिहार प्रदेश महिला जनता दल यूनाईटेड (जदयू) ने संगठन का विस्तार करते हुए 11 महिला नेत्रियों को महत्वपूर्ण पद सौंपे गए। इनमें मालती कुशवाहा व संजू प्रिया समेत चार को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अन्य सात को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

महिला जदयू की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. श्वेता विश्वास एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. सुहेली मेहता ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। इसमें बेगूसराय की संजू प्रिया, रोहतास की मालती सिंह कुशवाहा, कैमूर जिले की श्वेता सुमन एवं औरंगाबाद जिले की सुनैना देवी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गयी है। संगठन में जगह पाने वाली सभी महिलाएं रालोसपा में महत्वपूर्ण पद संभाल चुकी हैं।

इनमें वरिष्ठ मालती सिंह कुशवाहा रालोसपा में लंबे समय से राष्ट्रीय महासचिव का पद संभाल रही थीं। विगत विधानसभा चुनाव में उन्होंने काराकाट विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। इन्हें प्रदेश महिला संगठन में उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह बेगूसराय की संजू प्रिया रालोसपा में राष्ट्रीय सचिव का पद संभाल रही थीं। श्वेता सुमन रालोसपा में नई थीं लेकिन पिछले चुनाव में उन्हें पार्टी ने मोहनिया सीट से चुनाव लड़ाया था। सुनैना देवी रालोसपा में जिलाध्यक्ष पद पर थीं।

संगठन में महासचिव के पद पर मनोनीत नेत्रियों में नवादा की बेबी कुशवाहा, समस्तीपुर की अनिता कुशवाहा, रोहतास की संजू कुशवाहा, मोतिहारी की सरिता कुशवाहा, भोजपुर जिले की विमला सिंह, औरंगाबाद की पुष्पलता देवी व मधेपुरा की गुलाब देवी शामिल हैं। इनमें बेबी कुशवाहा रालोसपा महिला संगठन की महासचिव रह चुकी हैं तो अनिता कुशवाहा प्रधान सहासचिव का पद संभाल चुकी हैं।

विज्ञापन

प्रदेश महिला जदयू में नवमनोनीत नेत्रियों में सबसे अधिक कुशवाहा समाज से

राजनीतिक सूत्रों की मानें तो जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के साथ रालोसपा में काम कर चुकीं इन नेत्रियों को काफी दिनों से संगठन या सरकार में जगह मिलने की उम्मीद थी। आज जिन नेत्रियों का मनोनयन हुआ है उनमें सबसे अधिक छह नाम कुशवाहा समाज से है। इस तरह संगठन ने लवकुश समीकरण को यहां भी साधा है। जिलों की बात करें तो रोहतास व औरंगाबाद से दो-दो नेत्रियों को प्रदेश महिला जदयू में महत्वपूर्ण पद दिये गए हैं।

मालती कुशवाहा ने मुख्यमंत्री व पार्टी नेतृत्व का जताया आभार

दूसरी ओर प्रदेश महिला जदयू की नवमनोनीत उपाध्यक्ष मालती सिंह कुशवाहा ने मनोनयन पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है। महिला जदयू की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. श्वेता विश्वास एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. सुहेली मेहता को भी धन्यवाद देते हुए श्रीमती कुशवाहा ने कहा कि हम सभी महिलाएं जदयू की शक्ति बनकर काम करेंगी।

यह भी पढ़ें : बीजेपी एमएलसी टुन्ना पांडेय पार्टी से निलंबित, नीतीश कुमार से पंगा पड़ा भारी

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

ADVERTISMENT

Comments are closed.