सीमावर्ती इलाकों को हाई अलर्ट पर रखकर खोजबीन कर रही पुलिस
जोगबनी से राजेश कुमार शर्मा की रिपोर्ट
Voice4bihar News. जोगबनी सीमा से सटे पड़ोसी देश नेपाल के सुनसरी के झुम्का जेल में बंद एक कैदी फरार हो गया। वह सामूहिक दुष्कर्म के केस में सजायाफ्ता था और 13 वर्षों की सजा के तौर पर वर्ष 2023 से ही जेल में बंद था। बीती रात उसके फरार होने से नेपाल पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों को हाई अलर्ट पर रख कर तलाशी अभियान शुरू किया है। नेपाल के सुनसरी एसपी सुमन तिमिसीना ने मामले की पुष्टि की है।
विज्ञापन
दो वर्षों से जेल में बंद था 28 वर्षीय रुपक पौडेल खत्री
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में सजा काट रहे खोटाङ जिले के दिप्रुङ चुइचुम्मा गांवपालिका वार्ड 2 निवासी 28 वर्षीय रुपक पौडेल खत्री मंगलवार की रात्रि जेल से फरार हो गया। झुम्का जेल के जेलर सुवास कुमार लामिछाने के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार खत्री का कारागार के ‘बी’ ब्लक में रखा गया था।
जेल की दीवार फांद कर भागने की आशंका
जेलर सुवास कुमार लामिछाने ने बताया कि संभवत: वह कैदी कारागार की दीवार को फांद कर फरार हुआ है। वह बीते दो साल से झुम्का जेल में जेल में सजा काट रहा था। वहीं इस घटना के जांच के लिए सुनसरी के सहायक प्रमुख जिला अधिकारी लोकमान श्रेष्ठ के संयोजकत्व में 5 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है।