नीतीश ने दसवीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
NDA में शामिल सभी दलों को मंत्रिमंडल में मिली जगह
पटना (voice4bihar news)। एक दिन पहले NDA विधायक दल के नेता चुने गए नीतीश कुमार ने बृहस्पितवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नीतीश कुमार अब तक कुल दस बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। बृहस्पितवार को नीतीश कुमार के साथ उनके मंत्रिमंडल के कुल 26 सदस्यों ने शपथ ली। इनमें सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने अलग-अलग शपथ ली जबकि बाकी मंत्रियों ने समूह में शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, राज्यों के मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ, मोहन यादव, पुष्कर धामी, शिंदे, सैनी आदि शामिल हुए।
नीतीश कुमार के साथ मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में BJP कोटे से सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, डॉ . दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, रामकृपाल, यादव, संजय सिंह ‘टाइगर’, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र पासवान, श्रेयसी सिंह और डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी शामिल हैं।
JDU कोटे से विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, विजेंद्र यादव, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, जमा खान, सुनील कुमार और मदन सहनी शामिल हैं। इनके अलावा HAM पार्टी से संतोष कुमार सुमन, LJP (RV) से संजय कुमार पासवान और संजय सिंह जबकि RLM से से दीपक प्रकाश ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
विज्ञापन

दीपक प्रकाश के नाम ने सबको चौंकाया
नए बनाए गए मंत्रियों में सबसे चौंकाने वाला दीपक प्रकाश का रहा। दीपक प्रकाश RLM प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र हैं। दीपक फिलहाल विधानसभा अथवा विधान परिषद के सदस्य नहीं हैं। गत दिनों हुए विधानसभा चुनाव में भी दीपक प्रकाश पर्दे के पीछे ही रहे। उनकी माता और उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा चुनाव लड़ी थीं और जीतीं भी। ऐसे में हर किसी को उम्मीद थी कि स्नेहलता नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल हाे सकतीं हैं।
पर, उपेंद्र कुशवाहा ने सभी को चौंकाते हुए अपने पुत्र दीपक कुशवाहा को मंत्री पद का तोहफा दिया। उपेंद्र कुशवाहा और दीपक प्रकाश को उम्मीद है कि अगले छह महीने में वे बिहार विघान परिषद के सदस्य बन जाएंगे। छह महीने के बाद मंत्री बने रहने के लिए उपेंद्र कुशवाहा का विधान परिषद अथवा विधान सभा का सदस्य निर्वाचित होना जरूरी है। विधानसभा चुनाव तो अभी हाल ही में संपन्न हुए हैं। यहां सभी 243 सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं। ऐसे में यहां कोई रिक्ति नहीं है।
उम्मीद है कि अगले छह महीने में विधान परिषद से खाली होने वाली किसी भी सीट से दीपक प्रकाश कुशवाहा सदन के सदस्य बनेंगे और आगे भी उनका मंत्री पद बरकरार रहेगा।
दीपक कुशवाहा ने 2011 में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद मल्टी नेशनल कंपनी में नौकरी शुरू की। वे बताते हैं कि 2019 में नौकरी छोड़कर राजनीति में रुचि लेनी शुरू की और अब 2025 में नीतीश मंत्रिमंडल के सबसे युवा चेहरा हैं।
