कोरोना काल में पिता को खोने वाले दो बच्चे अब मां की ममता से भी हो गए महरूम
भागलपुर (Voice4bihar News)। भागलपुर में मोबाइल नंबर नहीं देने और अनैतिक मांग पूरी नहीं करने पर एक मनचले ने विधवा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बालू टोला निवासी स्व. जितेंद्र राम की पत्नी मोनी देवी (26) के तौर पर हुई है। घटना, गोपालपुर थाना क्षेत्र के बालू टोला गांव में हुई है। कोरोना काल में अपने पति को खोने वाली मोना देवी की हत्या से उनके दो बच्चे अनाथ हो गये।
लंबे समय से महिला से छेड़खानी का प्रयास करता था आरोपी
बताया जा रहा है कि पड़ोस गांव के रहने वाले प्रकाश मंडल विधवा महिला से लगातार छेड़खानी का प्रयास कर रहा था। पिछली रात को आरोपी प्रकाश मंडल ने मृतका से मोबाइल नंबर मांगा था। इससे इनकार करने पर प्रकाश मंडल उस महिला से उलझ गया था। दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई थी। इस घटना की जानकारी मोनी देवी ने अपने ससुर को दी थी। ससुर सोच रहे थे कि सुबह इसको लेकर पंचायत करेंगे, लेकिन इससे पहले ही यह कांड हो गया।
एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से एकत्र किये साक्ष्य
गुरुवार की सुबह प्रकाश मंडल फिर से मृतका के घर पहुंचा और फिर मोबाइल नंबर मांगा। जैसे ही मना किया वैसे ही आरोपी ने महिला पर गोली चला दी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश भी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे है। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य को एकत्रित किया जा रहा है।
विज्ञापन
ससुर ने कहा- गलत संबंध बनाने के लिए बनाता था दबाव
मृतका के ससुर कैलाशा राम ने बताया कि पिछले 10 सालों से आरोपी प्रकाश मंडल हमारी बहु को परेशान करता था। गलत संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था। बीती रात भी बहू से आरोपी ने मोबाइल नंबर की मांग की थी, नहीं देने पर विवाद करने लगा। अगली सुबह कट्टा लेकर घर पर पहुंचा और फिर से बहू से नंबर मांगने लगा। जब बहू नंबर देने से इनकार किया तो गोली मार दी और मौके से भाग गया।
पिस्टल लेकर घूम रहा था गांव में, पूछने पर पेट में सटा दिया
स्थानीय महिला कंचन देवी ने बताया कि अक्सर गांव में शराब पीकर हंगामा करता था। आरोपी को फांसी की सजा होनी चाहिए। पड़ोस के रहने वाले नाथूराम ने बताया कि गुरूवार की सुबह आरोपी प्रकाश मंडल हथियार लेकर गांव में घूम रहा था। पूछने पर उसने पेट में कट्टा को सटा दिया और बिना कुछ बोले निकल गया। तब हमें नहीं पता था कि वह आज मर्डर कर देगा। उन्होंने कहा कि हम लोगों को जैसे सूचना मिली तो हम लोग मौके पर पहुंचे।
दो बच्चे के सिर से उठा माता-पिता का साया
वर्ष 2021 के कोरोना काल में ही कोरोना से ग्रसित होने के कारण मोनी देवी के पति जितेंद्र राम की मौत हो गई थी। विधवा महिला मोनी देवी अपने घर में ही किराना स्टोर की दुकान चलाती थी। मृतका को एक बेटा और एक बेटी है। बेटा रोशन कुमार (5) और बेटी नूतन (8) शामिल है। घटना के बाद से दोनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में भेज दिया है।