एशिया कप पुरुष हॉकी : भारत ने जीता अपना पहला मैच, कड़े मुकाबले में चीन को दी शिकस्त
कप्तान हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक ने भारत को जीत दिलाई, 4-3 से जीता मुकाबला
एक अन्य मुकाबले में मलेशिया ने की धमाकेदार शुरुआत, 4-1 से बांग्लादेश को हराया
जापान ने भी किया शानदार खेल का प्रदर्शन, कजाखिस्तान को 7-0 से दी शिकस्त
राजगीर (Voice4bihar News)। हीरो एशिया कप पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का रोमांच शुक्रवार को राजगीर खेल अकादमी में चरम पर रहा। दिन के सबसे अहम मुकाबले में मेजबान भारत ने चीन के खिलाफ शानदार खेल का प्रदर्शन किया और मेजबान भारत ने अपना पहला मैच जीत लिया। एशिया की 8 दिग्गज हॉकी टीमों की सहभागिता वाले इस टूर्नामेंट के पूल-ए के मुकाबले में भारत ने चीन को 4-3 से हराया।
पहले क्वार्टर में चीन ने ली बढ़त, फिर भारत ने की जोरदार वापसी
उद्घाटन मैच के शुरुआती क्वार्टर में चीन ने आक्रामक रुख अपनाते हुए बढ़त बना ली, लेकिन दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी की। आक्रामक मूवमेंट और तेज़ पासिंग के दम पर भारत ने लगातार दो गोल दागते हुए स्कोर 2-1 कर लिया। दर्शकों में जोश देखते ही बन रहा था। भारत की बढ़त मिलने के बाद पूरे स्टेडियम में “भारत-माता की जय” के नारे गूंज उठे। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने हैट्रिक लगाई। उन्होंने मैच के 20वें, 33वें और 47वें मिनट में गोल दागे।

दूसरे क्वार्टर में जुगराज सिंह ने भारत की तरफ से किया पहला गोल
विज्ञापन
भारत के लिए पहला गोल दूसरे क्वार्टर में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया था। चीन से दू शिहाओ ने पहला, चेन बेन्हाई ने दूसरा और गाओ जीशेंग ने तीसरा गोल किया। मैच के सभी 7 गोल पेनल्टी कॉर्नर पे आए हैं। इस खास मुकाबले को देखने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी राजगीर खेल अकादमी पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार की धरती पर आयोजित इस भव्य टूर्नामेंट को राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया।
दक्षिण कोरिया का दिखा दबदबा, चीन ताइपे को 7-0 से दी मात
दिन के अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। उसने बांग्लादेश को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी। दूसरे मैच में कोरिया का दबदबा पूरी तरह देखने को मिला, जब उसने चाइनीज ताइपे को 7-0 से एकतरफा मात दी। वहीं जापान ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कज़ाख़िस्तान पर 7-0 की बड़ी जीत दर्ज की।

दर्शकों के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ एशिया कप हॉकी का पहला दिन
राजगीर में आयोजित यह टूर्नामेंट न केवल एशियाई हॉकी टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा का मंच बना है, बल्कि दर्शकों के लिए भी ऐतिहासिक पल साबित हो रहा है। हजारों की संख्या में खेल प्रेमी अकादमी पहुंचे और हर गोल पर तालियों से स्टेडियम गूंज उठा। भारत और चीन का यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मैच रहा। चीन की तरफ से 3 गोल किये गए जबकि भारत ने 4 गोल दागकर मैच अपने नाम कर लिया।
शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद टीम इंडिया की वापसी ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया है। भारत को दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही पेनल्टी कॉर्नर मिला। 18वें मिनट में जुगराज सिंह ने शानदार ड्रैग-फ्लिक लगाकर गोल दाग दिया। इसके 2 मिनट बाद ही एक और अटैक पर भारत ने दूसरा गोल कर दिया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार ड्रैग-फ्लिक लगाकर भारत को बढ़त दिला दी।
यह भी देखें : ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ के अवसर पर राजगीर में सज गया हॉकी का महाकुंभ