कोरोना काल के बाद फिर शुरू हुआ नौकरी का दौर, बहाल होंगे विकास मित्र
रोहतास जिले में शुरू हुई विकास मित्र बहाली, खाली पदों की सूची तलब
- विकास मित्र की बहाली के लिए जमा आवेदन पर 12 मार्च को जारी होगी मेधा सूची
- हर हाल में अप्रैल महीने तक नियोजन की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद
बजरंगी कुमार सुमन की रिपोर्ट
सासाराम (voice4bihar news)। कोराना काल के दौरान अन्य गतिविधियों की तरह ही नौकरियों पर लगा ग्रहण शायद विकास मित्रों बहाली के साथ छंटना नजर आ रहा है। कई नियुक्तियों में विधानसभा चुनाव को लेकर जारी आदर्श आचार संहिता भी बाधक बनी लेकिन अब सब कुछ पुराने ढर्रे पर लौटने लगा है। रोहतास में इसकी शुरुआत विकास मित्र की बहाली से हो रही है। बिहार महादलित विकास मिशन पटना की ओर से 2 फरवरी 2021 को जारी के पत्रांक 138 के आलोक में जिले के विभिन्न प्रखंडों सहित नगर निकाय क्षेत्र में विकास मित्रों की बहाली प्रक्रिया शुरु हो चुकी है।
प्रखंड और नगर निकाय से रिक्तियां तलब
विज्ञापन
जिले में विकास मित्रों की बहाली के लिए महादलित विकास मिशन पटना द्वारा जारी आदेश के बाद रोहतास जिला कल्याण पदाधिकारी भी ऐक्शन में आ गए हैं। उन्होंने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारियों को 5 फरवरी 2021 को जारी पत्र संख्या 167 के जरिये विकास मित्रों की बहाली के लिए रिक्त पड़े पदों की सूची रिक्ति के तौर पर तलब की है।
जिले में सत्रह पदों पर होगी बहाली
पूर्व में बहाल विकास मित्रों के त्यागपत्र देने मृत्यु हो जाने सहित पूर्व से रिक्त रहने के कारण जिले के कुल 17 पदों पर विकास मित्रों की बहाली होगी। इसकी जानकारी देते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी आर के सिन्हा ने बताया कि सासाराम नगर परिषद में दो, नगर पंचायत नासरीगंज में चार, नासरीगंज ग्रामीण प्रखंड क्षेत्र में दो, नगर परिषद बिक्रमगंज में दो, नगर पंचायत कोआथ में एक, शिवसागर में एक, दिनारा में एक, दावथ में एक, तिलौथू में दो और काराकाट में एक मिलाकर कुल सत्रह विकास मित्रों की बहाली होगी।
मार्च में प्रकाशित होगी मेधा सूची
रिक्त पदों पर विकास मित्रों की बहाली के लिए जमा आवेदनों के आलोक में तैयार मेधा सूची का प्रकाशन 12 मार्च तक विभाग द्वारा किया जाएगा। प्रकाशित मेधा सूची के आलोक में चयन सूची का अनुमोदन 23 मार्च तक किए जाने की संभावना है। चयन सूची का अंतिम प्रकाशन के पश्चात जमा आपत्ति आवेदन के आलोक में आपत्ति का निराकरण करते हुए नियोजन सूची का प्रकाशन भी मार्च महीने में ही होने की संभावना है। हर हाल में अप्रैल महीने तक नियोजन की प्रक्रिया पूरा करते हुए नियोजन पत्र दिए जाने की संभावना स्थानीय सूत्रों ने जतायी है।