पंचायत चुनाव नजदीक आते ही शुरू हुआ खूनी खेल
सीवान (voice4bihar news)। राज्य में पंचायत चुनाव नजदीक आते ही पंचायतों में खूनी संघर्ष शुरु हो गया है। इस क्रम में शनिवार की देर शाम सीवान जिले के दरौली प्रखंड अंतर्गत एक पूर्व मुखिया सह राजद नेता को अपराधियों ने गोली मार दी। इस घटना में पूर्व मुखिया की मौत हो गई। मृतक पूर्व मुखिया दयानंद यादव प्रखंड क्षेत्र के डरौली मठिया पंचायत अंतर्गत डरौली मठिया गांव के पकड़ीपार टोला के बताये जा रहें है।
बताया जाता है कि पूर्व मुखिया दयानंद यादव को अपराधियों ने उस समय गोली मारी, जब वे टड़वा चटी से शनिवार की शाम बाइक से अपने घर जा रहे थे। घर जाने के दौरान ही टड़वा व पकड़़ीपार टोला के बीच रास्ते में पहुंचने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलिया बरसानी शुरू कर दी। गोली लगते ही पूर्व मुखिया बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इस बीच अपराधी मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुन कर आस पास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। वहां जमीन पर गिरे पूर्व मुखिया दयानंद यादव को उठाकर दरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने पूर्व मुखिया को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
पूर्व मुखिया के समर्थकों ने की थाने व अस्पताल में तोड़फोड़
उधर पूर्व मुखिया दयानंद यादव की गोली लगने से मौत की सूचना होने पर मुखिया समर्थक सैकड़ों लोग अस्पताल में पहुंच कर हंगामा करने लगे। वहां सुरक्षा बलों ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर था।
गुस्साये लोगों ने पूर्व मुखिया दयानंद यादव के शव को थाना परिसर में ले जाकर रख दिया और वहां भी तोडफ़ोड़ शुरू कर दी गयी। समाचार लिखे जाने तक मैरवा व गुठनी थाने की पुलिस दरौली थाना पहुंच चुकी थी और उग्र लोगों को काबू में करने का प्रयास किया जा रहा था। उल्लेखनीय है कि पूर्व मुखिया दयानंद यादव राजद के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस वजह से राजद कार्यकर्ताओं में भी काफी आक्रोश देखा गया। फिलहाल घटना के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि आसन्न पंचायत चुनाव में वर्चस्व को लेकर यह घटना हुई होगी।