अंतर्राष्ट्रीय वेबिनार में रामकथा पर हुई चर्चा
वेबिनार में नीतू कुमारी नवगीत के गीतों पर झूमे श्रोता
पटना (voice4bihar desk)। साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था, मुंबई तथा उपमा, कैलिफोर्निया( संयुक्त राज्य अमेरिका) के तत्वावधान में राम कथा का विश्व संदर्भ श्रृंखला के तहत “राम संस्कृति के विविध आयाम: लोक गीतों एवं लोक कथाओं में राम” विषय पर अंतर्राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया में फैली राम कथाओं और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं को विश्व संदर्भ कोश के 54 खंडों में शामिल किया जाएगा। प्रथम खंड में लोकगीतों और लोक कथाओं में राम से संबंधित सामग्री का प्रकाशन किया जा रहा है ।
कार्यक्रम में विश्व राम संदर्भ कोश निर्माण के क्षेत्र में विशेष योगदान तथा रामकथा के वैश्विक प्रचार-प्रसार में विशिष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद के डॉ. प्रताप पिंजानी को हिंदी शलाका सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में डॉ मोतीलाल गुप्ता को विविध सामाजिक कार्यों के लिए साहित्यिक सांस्कृतिक शोध संस्था तथा उत्तर प्रदेश मंडल ऑफ अमेरिका द्वारा समाज सेवा सम्मान प्रदान किया गया। डॉ शीना प्रभाकरण को तुलसीदास के रामचरित में हास्य व्यंग्य की अवधारणा विषय पर कार्य करने के लिए साहित्य निधि पुरस्कार प्रदान किया गया।
विज्ञापन

कार्यक्रम में बिहार के प्रसिद्ध लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े अनेक लोक गीतों की प्रस्तुति दी जिसे खूब सराहना मिली। उन्होंने रामलला घर आए सखि, मोरे राम अवध घर आए सखी; मन में है विश्वास बनेगा मंदिर आलीशान रामलला आएंगे, फुल लोढे चली फुलवरिया सीता के संग सहेलियां सहित अनेक लोक गीतों को पेश किया। कार्यक्रम में प्रो प्रताप पिंजानी, डॉ आशा तिवारी ओझा, सुधीर कुमार वर्मा, डॉ प्रमिला मिश्रा, मांडवी मिश्रा, किरण त्रिपाठी, अजय कुमार चतुर्वेदी आदि ने भी अपने विचार रखे । कार्यक्रम का संचालन इंफाल विश्वविद्यालय मणिपुर के प्रोफेसर आलोक सिंह ने किया।