शाहाबाद जोन का कुख्यात लुटेरा हथियार सहित चढ़ा पुलिस के हत्थे
लूटपाट के लिए कुख्यात है अजीत यादव का गिरोह, कई थानों में दर्ज हैं केस
औरंगाबाद जिले के मदनपुर में दर्ज है हत्या का मामला
बजरंगी कुमार के साथ अभिषेक कुमार सुमन की रिपोर्ट
सासाराम (voice4bihar news)। रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर व औरंगाबाद सहित कई जिलों में हत्या, लूट व डकैती जैसे बड़े वारदातों के वांछित अपराधी अजीत यादव को रोहतास पुलिस ने धर दबोचा है। अजीत यादव मूल रूप से बघैला थाना के कारन गांव का निवासी है जो शिवजी यादव का पुत्र है।
कुख्यात अजीत की गिरफ्तारी रोहतास पुलिस कप्तान आशीष भारती के निर्देश पर संयुक्त अभियान के दौरान हुई।बिक्रमगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकुमार सिंह के नेतृत्व में चले संयुक्त अभियान में राजपुर, काराकाट, नासरीगंज, दरिहट व बघैला सहित आधा दर्जन थानों की पुलिस शामिल रही।
विज्ञापन
कुख्यात अजीत यादव पर कई थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के हत्थे चढ़े अजीत यादव के विरुद्ध सासाराम नगर थाना में कांड संख्या 742/ 20, नोखा थाना में कांड संख्या 189/19 और 37/21, बघैला थाना में कांड संख्या 34/20, दिनारा थाना में कांड संख्या 80/21, कच्छवा थाना में कांड संख्या 22/21, नासरीगंज थाना में कांड संख्या 72/21 तथा औरंगाबाद के मदनपुर थाना में कांड संख्या 244/19 दर्ज हैं। इसमें अधिकांश मामले डकैती और लूट के हैं, जबकि औरंगाबाद के मदनपुर में हत्या का मामला दर्ज है। गिरफ्तार अपराधी के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस सहित स्विफ्ट डिजायर कार के अलावे नगद कैश भी बरामद किए गए हैं ।
पुरस्कृत होगी पुलिसकर्मियों की टीम
रोहतास सहित आसपास के जिलों में लूट कांड की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड अजीत यादव की गिरफ्तारी को रोहतास पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। इस गिरफ्तारी अभियान में शामिल पुलिस कर्मियों को पुलिस कप्तान के द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
अजीत यादव की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। हालांकि महज एक कट्टा और एक जिंदा कारतूस की बरामदगी संतोषजनक उपलब्धि नहीं मानी जा रही है। पुलिस अन्य जानकारियां जुटाकर गिरफ्तार अजीत यादव की कुंडली खंगालने में जुटी है।