ससुर-दामाद मिलकर चलाते थे मिनी गन फैक्ट्री, बांका पुलिस ने किया भंडाफोड़
बांका जिले के पुंसिया बाजार में चल रही थी गन बनाने की फैक्ट्री
मुख्य आरोपी का बेटा करता था हथियार की सप्लाई, मौके से फरार
बांका (Voice4bihar News)। बिहार के बांका जिले की पुलिस ने मंगलवार की देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए पुंसिया बाजार में चल रही एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। इस दौरान मौके से 2 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। पकड़े गए दोनों शख्स आपस में ससुर-दामाद हैं जो मिलकर आर्म्स बनाते थे। पुलिस ने तलाशी के दौरान कई अर्ध निर्मित हथियार, रेंज कटर मशीन सहित अन्य सामान बरामद किये हैं। इस सम्बंध में रजौन थाना पुलिस ने 3 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।

विज्ञापन
मामला रजौन थाना क्षेत्र के पुंसिया बाजार का है, जहां भागवत शर्मा अपने घर में मिनी गन फैक्ट्री का संचालन कर रहा था। इसकी भनक मंगलवार देर शाम थाना अध्यक्ष मनोज कुमार को लग गई। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक टीम बनाई। थानेदार मनोज कुमार अपने दल बल के साथ उमेश कुमार सिन्हा व शिव शंकर यादव को लेकर पुंसिया बाजार पहुंचे। यहां भागवत शर्मा के घर पर छापेमारी की। घर की तलाशी के दरम्यान देसी कट्टा, मास्केट, दोनाली बंदूक, गिरमिट समेत अन्य हथियार बनाने के सामान बरामद किए गए।
इस दौरान पूछताछ करने पर घर में मौजूद भागवत शर्मा और हरदेव शर्मा भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि भागवत शर्मा अपने दामाद हरदेव शर्मा के साथ मिलकर अपने घर में ही मिनी गन फैक्ट्री का संचालन करता था। वहीं भागवत शर्मा का पुत्र जितेंद्र शर्मा गन फैक्ट्री में तैयार हथियार की सप्लाई करता था। फिलहाल वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। दावा है कि जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि जाल बिछाकर पुंसिया में छापेमारी की गई। इस दौरान एक घर को पुलिस ने घेर लिया था। फुलप्रूफ तैयारी के कारण आर्म्स तस्करों को भागने का मौका नहीं मिला। 2 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही अर्धनिर्मित हथियार, निर्माण उपकरण व हथियार बनाने की काफी मात्रा में सामग्री भी बरामद की गई। आगे की कार्रवाई एवं जांच पड़ताल चल रही है। आर्म्स सप्लाई के आरोपित को गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।