दुलारचंद हत्याकांड के मुख्य आरोपित अनंत सिंह गिरफ्तार
शनिवार की देर रात पटना पुलिस ने बाढ़ के बेढ़ना गांव से अनंत को किया गिरफ्तार
पटना (voice4media news)। चार दिनों से हो रही भारी फजीहत के बाद चुनाव आयोग से मिले सख्त निर्देश पर शनिवार की देर रात पटना पुलिस ने दुलारचंद यादव की हत्या के आरोपित पूर्व विधायक अनंत सिह को गिरफ्तार कर लिया। सैकड़ों पुलिस बल के साथ अनंत सिंह को गिरफ्तार करने पटना के एसएसपी कार्तिकेय कुमार खुद बाढ़ के बेढना गांव पहुंचे थे।
क्षेत्र से चुनाव प्रचार कर लौट कर अनंत सिंह जैसे ही बेढना स्थित अपने घर पहुंचे एसएसपी ने उन्हें गिरफ्तार किए जाने के आदेश सुनाया। आदेश सुनते ही अनंत सिंह बिना किसी प्रकार का प्रतिकार किए पुलिस दस्ते के साथ हो लिए। पुलिस शनिवार की देर रात ही उन्हें लेकर पटना पहुंची।
आधी रात के बाद आनन-फानन में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में पटना के डीएम त्यागराजन एमएस और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी।
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि 30 अक्टूबर को बाढ़ के तरातर गांव में जन सुराज के प्रत्याशी के साथ चुनाव प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गयी थी। उन्होंने बताया कि दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह मुख्य आरोपित हैं। अब तक की जांच के अनुसार वारदात के वक्त अनंत सिंह घटनास्थल पर मौजूद थे। रविवार को दोपहर बाद अनंत सिंह को न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
विज्ञापन
बताया जाता है कि छह नवंबर को पटना जिले में होने वाले मतदान के बाद पटना पुलिस अनंत सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। हालांकि वारदात के बाद अनंत सिंह ने खुद को इस घटना में शामिल होने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि इस घटना में सूरजभान सिंह का हाथ है।
बता दें कि वर्तमान में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी मोकामा से राजद विधायक हैं। इस बार के चुनाव में जदयू के टिकट पर मोकामा से अनंत सिंह खुद चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी राजद से चुनाव लड़ रहीं हैं। जन सुराज ने यहां से पीयूष प्रियदर्शी को उम्मीदवार बनाया है।

घटना के वक्त बाढ़ के तरातर गांव में 75 वर्षीय दुलारचंद जन सुराज के पीयूष प्रियदर्शी के प्रचार में गए थे। संयोग से उसी वक्त अनंत सिंह का काफिला भी मौके पर पहुंचा। इसी दौरान दुलारचंद यादव और उनके समर्थकों ने अनंत सिंह के काफिले पर हमला कर दिया।
एक वायरल वीडियो फुटेज में दुलारचंद भी पथराव करते दिख रहे हैं। इसके बाद दोनों ओर से हुई झड़प में दुलारचंद यादव के पैर में गोली लगी। गोली लगने से जब वह सड़क पर गिरे तो एक वाहन से उन्हें बुरी तरह कुचल दिया गया जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी।
