कांग्रेस के कार्यक्रम में हंगामा करने वाला शख्स निकला बीजेपी कार्यकर्ता
पूर्व विधायक व कांग्रेस की झारखंड प्रभारी पूनम पासवान ने सोची समझी साजिश का लगाया आरोप
- कहा-मनिहारी भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष मो तोफेज अली ने किया हंगामा
- मो तोफेज अली ने मंच पर चढ़कर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रेम राय को मारने कोशिश भी की
कटिहार (voice4bihar news)। कटिहार नगर थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र आश्रम कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के बीच गर्मा गर्मी खूब चर्चा में रही। भला हो भी क्यों नहीं! कांग्रेस जिलाध्यक्ष व कथित कार्यकर्ताओं की कहासुनी में माहौल ऐसा बिगड़ा कि धक्का-मुक्की तक नौबत पहुंच गई थी। लेकिन अगले ही दिन इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली खबर आई कि हंगामा करने वाले कार्यकर्ता कांग्रेस के नहीं बल्कि बीजीपी के थे।
कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान हंगामा करने वाला शख्स बीजेपी के मनिहारी प्रखंड का अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मो तोफेज अली बताया जा रहा है। कांग्रेस की झारखंड प्रभारी व पूर्व विधायक पूनम पासवान ने उक्त बातों का दावा करते हुए एक प्रेस वार्ता आयोजित कर डाली। उन्होंने बताया कि बुधवार को आयोजित होने वाले कांग्रेस किसान सत्याग्रह पदयात्रा को नाकाम करने के लिए भाजपा व जदयू के कार्यकर्ता हंगामा करने पहुंचे हुए थे।
कटिहार के राजेंद्र आश्रम में कांग्रेस किसान सत्याग्रह पदयात्रा में हुई थी धक्का-मुक्की
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रेम राय के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सहयोग करने और ना सहयोग करने वालों विधायक की बात कही जा रही थी। इसी दौरान मनिहारी भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष मो तोफेज अली अपने अन्य सहयोगियों के साथ हंगामा करने लगे। इस दौरान वे बार-बार मंच के ऊपर चढ़कर जिला अध्यक्ष को मारने पर तुले हुए थे। लेकिन अन्य कार्यकर्ताओं ने उनके इन मंसूबे पर पानी फेर दिया।
वीडियो देखें : कांग्रेस के घर में बीजेपी का हंगामा
प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक पूनम पासवान ने कहा कि कोढ़ा में कांग्रेस किसान सत्याग्रह पदयात्रा होने वाली थी। इसे नाकाम करने के लिए भाजपा ने यह साजिश रची। उन्होंने कहा कि बीजीपी के लोग बौखला चुके हैं, इससे बीजेपी के बड़े नेता परेशान हैं। जहां जहां भी कांग्रेस का कार्यक्रम हो रहा है, वहां बीजेपी के कार्यकर्ता अव्यवस्था फैलाते हैं और मीडिया में खबर आती है कि कांग्रेस में आपसी कलह हो रहा है।
मो तोफेज अली के साथ आये सभी कार्यकर्ता बीजेपी और जेडीयू के थे। उनमें एक भी कांग्रेसी नहीं थे। यह बहुत ही निंदनीय है कि किसी दूसरी पार्टी के कार्यक्रम में जाकर अन्य पार्टी का पदाधिकारी हंगामा कर अव्यवस्था फैलाए। यह भाजपा के लिए डूब मरने की स्थिति है।