हत्याकांड के फरार अभियुक्तों के घर पुलिस ने की कुर्की
जमीन विवाद में हुई थी हत्या, दो महिलाओं सहित सात हैं नामजद
दो अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है पुलिस
रोहतास से अभिषेक कुमार सुमन के साथ बजरंगी कुमार की रिपोर्ट
विज्ञापन
सासाराम (voice4bihar news)। सासाराम मुफस्सिल पुलिस थाना क्षेत्र के अमरा गांव में जमीन विवाद में हुई हत्या में फरार अभियुक्तों का घर आज पुलिस ने कुर्क कर लिया। एक साल पूर्व हुए इस हत्याकांड में स्थानीय न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। कुर्की की कार्रवाई थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में की गयी है।
पिछले वर्ष 24 मार्च को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमरा गांव में मारपीट हुई थी। इस घटना में घायल भगवान शर्मा को इलाज के लिए बनारस के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कुछ दिनों के बाद भगवान शर्मा की मौत हो गयी थी। घटना में मृतक के भाई लक्ष्मण शर्मा सहित सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए पीड़ित पक्ष ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मुफस्सिल थाना कांड संख्या 114/21 के आलोक में पुलिस ने लक्ष्मण शर्मा और अतीश शर्मा को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इस मामले में नामजद दो महिलाओं रुक्मिणा देवी व राधिका देवी समेत सिकंदर शर्मा, उदय शर्मा व आशुतोष शर्मा आदि विगत एक साल से फरार चल रहे थे। इस कांड की सुनवाई के दौरान न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों की संपत्ति कुर्क की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस कार्रवाई के बावजूद आत्मसमर्पण नहीं किए जाने की स्थिति में अगला कदम उठाया जाएगा। अभियुक्तों की गिरफ्तारी में सहयोग करने के लिए इनाम की राशि निर्धारित करने के लिए वरीय पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।