चलती ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड करने की जताई जा रही आशंका
शेखपुरा (Voice4bihar News)। रविवार की शाम किऊल-गया रेलखंड पर कॉलेज मोड़ के समीप एक 30 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के दौरान युवक का सिर, धड़ और हाथ अलग हो गये। शव की हालत ऐसी हो गयी कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना शेखपुरा के पुलिस सब इंस्पेक्टर सच्चिदानंद कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के क्षत-विक्षत शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया।
किऊल से गयाजी जंक्शन की ओर जा रही थी वंदे भारत ट्रेन
जीआरपी थाना शेखपुरा के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रसाद ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन किऊल से गयाजी रेलवे जंक्शन की ओर आज शाम जा रही थी। तभी नगर क्षेत्र के आरडी कॉलेज रेलवे गुमटी के समीप युवक चलती ट्रेन की चपेट में आ गया। इसके कारण उसके शरीर के चिथड़े उड़ गये। उन्होंने कहा कि युवक ने हाफ गंजी और पैंट पहन रखा था।
उन्होंने कहा कि युवक का शव इतने ज्यादा वीभत्स रूप में मिला। जिसे पहचान पाना मुश्किल प्रतीत हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि युवक खुद ही आत्महत्या करने के मकसद से चलती ट्रेन के नीचे आ गया। जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा
उन्होंने कहा कि अब तक मृतक के शव की पहचान नहीं हो पाई है। शव के पहचान हेतु आगे 72 घंटे तक सदर अस्पताल में सुरक्षित रखा जाएगा। निर्धारित तिथि तक शव का पहचान न होने की स्थिति में पुलिस द्वारा शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। हालांकि शव की पहचान के लिए आसपास के थाना पुलिस को सूचित कर दिया गया है।