बिहार के चुनावी रण में कूदे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, कहा-सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे गौरक्षक

कहा-गौ हत्या रोकने में देश की सभी सरकारें विफल, विदेशों में हो रहा गौ मांस का व्यापार

मोदी सरकार पर जनता ने किया भरोसा लेकिन इसने गौ कत्लखाना का लाइसेंस ही बना डाला

सीतामढ़ी (Voice4bihar News)। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बिछ रही सियासी बिसात के बीच ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ाने का ऐलान किया है। हालांकि उन्होंने किसी राजनीतिक दल का गठन नहीं किया है, लेकिन स्पष्ट किया कि इसके लिए राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी कार्यालय खोले जाएंगे और गौ हत्या बंद करने का संकल्प लेकर गौ रक्षक ही निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव में उतरेंगे।

गौ हत्या बंद करने को लेकर संकल्प यात्रा का शुभारंभ

देश में गौ हत्या बंद करने को लेकर गौ मतदाता संकल्प यात्रा का शुभारंभ करने के लिए बिहार के सीतामढ़ी पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि मेरा संकल्प है बिहार विधान सभा में सभी सीट पर गौरक्षक निर्दलीय चुनाव लड़ेगा और गौ हत्या को बंद करने के संकल्प के साथ मतदान के लिए प्रेरित करेगा। प्रत्येक विधान सभा में गौ रक्षक टीम द्वारा एक व्यक्ति का चयन कर चुनाव लड़ाया जाएगा। सभी विधानसभा में कार्यालय बनाया जाएगा। मतदान गौ रक्षा के लिए करना है।

शंकराचार्य ने बताया गौरक्षकों को चुनाव लड़ाने के पीछे क्या है वजह!

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि देश में आजादी के बाद कई सरकारें आई लेकिन गौ हत्या और गायों की तस्करी बंद नहीं हुई। वर्तमान केंद्र सरकार पर भरोसा कर जनता ने बहुमत दिया। इन्होंने गौ कत्ल खाना का लाइसेंस ही बना डाला। गौ मांस का व्यापार विदेशों से होने लगा। गोकशी करने वालों को लाइसेंस देने वाली केंद्र सरकार है। इसलिए गौ हत्यारा भी वही है। कांग्रेस की सरकार ने भी गौ हत्या बंद नहीं किए। ऐसी सरकारों के सत्ता में रहते गौ रक्षा की उम्मीद करना बेमानी है। इसलिए मेरा संकल्प है कि बिहार विधान सभा में सभी 243 सीटों पर गोरक्षक निर्दलीय चुनाव लड़ेगा।

माता सीता की धरती पुनौरा धाम से हुआ गौ रक्षा संकल्प यात्रा का शुभारंभ

सीता माता की धरती से गौ हत्या बंद करने को लेकर संकल्प यात्रा का शुभारंभ करते हुए जगतगुरु अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि माता सीता की शक्ति से ही गौ हत्या बंद होगी। सीतामढ़ी के निर्मला उत्सव पैलेस में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम का धर्म प्रतीक वृषभ है और माता सीता गौ माता हैं। श्री राम ने गौ माता स्वरूपिणी सीता की रक्षा की। रावण का अंत श्री राम ने किया। धर्मरक्षक राम को हमसब पूजते हैं।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती मां सीता की जन्मभूमि व जानकी मंदिर में की पूजा

इससे पूर्व जगतगुरु अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने माता सीता जन्मभूमि पुनौरा धाम एवं जानकी मंदिर सीतामढ़ी में दर्शन व पूजन किया। पुनौराधाम में महंत कौशल किशोर दास ने पूजा अर्चना कराई। उत्तराधिकारी महंत राज कुमार दास ने अंग वस्त्र से उनका स्वागत किया। जानकी प्राकट्य सीता कुंड में आरती की। शंकर भरतीया गौशाला में गाय माता का पूजन किए। गौशाला चौक पर सबसे प्राचीन गौशाला में गौ पूजन किए। शंकराचार्य के साथ बद्रीनाथ धाम से आये कई आचार्यों ने भी वैदिक विद्यालय के दर्जनों शिष्य साथ में मंदिर दर्शन किए।

सीतामढ़ी के निर्मला उत्सव पैलेस में कार्यक्रम की अध्यक्षता राधे श्याम शर्मा ने की जबकि संचालन राम शंकर शास्त्री ने किया। आचार्य विपिन झा ने मंगलाचरण का गायन किया। गुरुपद पूजन किया गया और गुरुदेव के संग आए सभी आचार्यों का अभिवादन किया गया। कार्यक्रम में विमल कुमार परिमल, सीता आराधना महामंत्री दिनेश चंद द्विवेदी, सीता संवाद निदेशक आग्नेय कुमार, विश्व हिंदू परिषद केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल सदस्य भूषण दास, निर्मल व्याहुत, नीरज कुमार गोयनका, आनंद मोहन सिंह, निर्मल सिंह, आलोक कुमार समेत कई समाजसेवी सीताराम भक्त गुरुजी के अनुयाई उपस्थित रहे।

बिहार में चुनाव लड़ाएंगे शंकराचार्य
Comments (0)
Add Comment