जिले में एक माह के भीतर पुलिस अफसरों के तबादले की दूसरी लिस्ट आई
सासाराम (Voice4bihar News)। रोहतास जिले के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने जिले के 21 पुलिस अफसरों का स्थानांतरण किया है। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान करने को निर्देश दिए है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विधि व्यवस्था संधारण के लिहाज से ये तबादले किये गए हैं। एक माह के भीतर पुलिस अफसरों के स्थानांतरण की यह दूसरी सूची जारी हुई है।
इससे पहले राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विगत 31 अगस्त को शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्यप्रकाश ने रोहतास, कैमूर, बक्सर और भोजपुर जिले में पदस्थापित 2018 बैच और 31 अगस्त तक जिलावधि पूर्ण कर चुके पुलिस पदाधिकारियों को शाहाबाद के दूसरे जिलों में स्थानांतरित किया था।
काराकाट के नए थानेदार बने इंस्पेक्टर राकेश गोसाईं
पुलिस कप्तान रौशन कुमार के मुताबिक डेहरी मुफ्फसिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राकेश गोसाई को काराकाट का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है, वहीं सासाराम नगर थाने में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक नितेश कुमार को डेहरी मुफ्फसिल थाने का अध्यक्ष बनाया है। पुलिस अवर निरीक्षक रविरंजन प्रियदर्शी को बिक्रमगंज थाने से हटाकर दरिहट भेजा गया है।
SI अंशुमाला को सौंपी गयी महिला थाने की कमान
वहीं पुलिस अवर निरीक्षक शिवम कुमार को जिला नियंत्रण कक्ष पुलिस कार्यालय से आयरकोठा का थानाध्यक्ष बनाया है। नोखा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक अंशुमाला को महिला थाने की कमान सौंपी गयी है, जबकि पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार को डालमियानगर थाना से हटाकर एससी-एसटी थाने का अध्यक्ष बनाया गया है।
पुलिस लाइन से भी कई अफसर भेजे गए थानों में
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस केंद्र से कई पुलिस अवर निरीक्षक (SI) स्तर के पदाधिकारियों को स्थानांतरित करते हुए विभिन्न थानों का थानाध्यक्ष बनाया है। इनमें प्रियंका कुमारी गुप्ता को पुलिस केंद्र से थानाध्यक्ष इंद्रपुरी, विवेक कुमार-1 को थानाध्यक्ष तिलौथू, अमित कुमार को थानाध्यक्ष अमझोर, सासाराम मुफ्फसिल थाना से दिवाकर कुमार को थानाध्यक्ष नौहट्टा के पद पर जिम्मेवारी दी है।
कोचस थाने से विजय बैठा को भेजा गया भानस
पुलिस केंद्र से सर्वेश कुमार को स्थानांतरित कर यदुनाथपुर का थानाध्यक्ष, विजय बैठा को कोचस थाना से थानाध्यक्ष भानस, पुलिस केंद्र से चंदन कुमार भगत को थानाध्यक्ष सूर्यपुरा, पूनम कुमारी को अमझोर थाना से थानाध्यक्ष संझौली बनाया है। वहीं पुअनि मनीष कुमार पुलिस केंद्र डेहरी से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष कच्छवां, नीतिश कुमार को कोचस में थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी है।
दिनारा से करवंदिया भेजे गए SI आशुतोष कुमार
दिनारा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक आशुतोष कुमार को करवंदिया का थानेदार बनाया गया है। सासाराम नगर थाना से रविरंजन गुप्ता को स्थानांतरित कर डालमियानगर का थानाध्यक्ष, पुलिस केंद्र से संजय कुमार पासवान को बड़हरी का थानाध्यक्ष, यातायात थाना से करण कुमार को स्थानांतरित कर बघैला का थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं एसपी ने पुलिस केंद्र में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक सुशांत कुमार को सेमरा ओपी का प्रभार सौंपा है।