पटना (voice4bihar news)। नेपाल में तख्ता पलट के बाद फिलहाल शांति है। सेना ने पूरे नेपाल में कमान संभाल ली है। सेना ने आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सेनाध्यक्ष ने वीडियो संदेश जारी कर प्रदर्शकारी संगठनों से वार्ता की मेज पर आने की अपील की है। सेना ने शाम पांच बजे से अगली सुबह सात बजे तक पूरे देश में करफ्यू लगाने का आदेश दिया है। इस दौरान लोगों से घरों में रहने को कहा गया है।
जेल ब्रेक की घटनाओं में 13572 कैदी भागे
इसके पहले पूरे नेपाल में उपद्रव के दौरान जेल ब्रेक की कई घटनाएं हुईं। खबरों के मुताबिक नेपाल के 15 अलग-अलग जेलों से 13572 कैदी भगाए गये। जोगबनी सीमा से 23 किलोमीटर की दूरी पर नेपाल के सुनसरी जिले के झुम्का जेल से हजारों कैदी भाग गए हैं। जेलर सुवास लामिछाने के अनुसार देर रात gen Z प्रदर्शनकारी के नाम पर पहुंचे उपद्रवियों के एक समूह ने जेल से कैदियों को भगाया।
इस जेल के ब्लॉक ‘ए’ व ‘बी’ में कुल 1098 कैदी हैं। जेलर सुवास लामिछाने के अनुसार कैदियों को बल प्रयोग कर भगाया है । उनके अनुसार अधिकांश कैदी भाग चुके हैं। कई कैदी हथियार भी लूटकर ले गए हैं। स्थिति अनियंत्रित होने के बाद सेना को सूचना दी गई जिसके बाद कुछ कैदियों को वापस लाये गये। हालांकि अब तक कितने कैदी फरार हुए हैं इसकी पूरी जानकारी गिनती के बाद ही पता चलेगी। वहीं gen Z के नाम से आए समूह ने मंगलवार को मोरंग जिले के इलाका पुलिस कार्यालय पथरी व उर्लाबारी में हाजत में बंद रहे सभी कैदियों को भगा दिया गया। थाने के अभिलेखों को भी आग के हवाले कर दिया गया।
हटखोला जेल से उपद्रवियों को सेना ने किया तितर-बितर
जोगबनी सीमा से सटे नेपाल के विराटनगर महानगर पालिका वार्ड संख्या 8 के हाटखोला स्थित मोरंग जिला कारागार में कैदियों को भगाने की साजिश रच रहे एक समूह को हवा में गोलियां चलाकर नेपाली सेना ने तितर-बितर कर दिया।
जानकारी के अनुसार दो सौ से अधिक उपद्रवियों का समूह जेल के मुख्य द्वार पर जमा हो गया था और नारेबाजी करते हुए कैदियों की रिहाई की मांग कर रहा था। जेल के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सेना ने हवा में 16 राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई के बाद कैदियों को रिहा कराने आई भीड़ तितर-बितर हो गई।
जिला पुलिस कार्यालय, मोरंग और वार्ड पुलिस कार्यालय, विराटनगर से डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम को जेल की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। जेल की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिस बल को भी तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य होती दिख रही है।