नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश से नेपाल पर मंडरा रहा संकट
जोगबनी से राजेश कुमार शर्मा की रिपोर्ट
Voice4bihar News. नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा से कोशी नदी में पानी का बहाव लगातार बढ़ने से नेपाल के कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। कोशी नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के बाद बराज के सभी 56 गेट खोल दिये गए हैं। इससे कोशी नदी के नदी के बहाव वाले उत्तर बिहार के इलाकों में भी पानी बढ़ने की आशंका है।
कोशी बराज पर पानी का अत्यधिक दबाव, आवागमन पर रोक
नेपाल में हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कोशी बराज पर पानी के अत्यधिक दबाव को देखते हुए पुल पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। सुनसरी के प्रमुख जिला अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा व सप्तरी के डीएसपी डम्बरबहादुर पुरी ने बताया कि कोसी बराज के पुल से आपातकालीन सेवा को छोड़ कर सभी वाहन व आम नागरिकों के आवागमन पर अनिश्चित समय तक रोक लगा दी गयी है।
अधिकारियों के अनुसार पानी का बहाव अत्यधिक चरम खतरा के तह पार करने के बाद सवारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गयी है। सुबह 11:30 बजे के जल मापन अनुसार कोशी में पानी का बहाव 5,10,960 क्यूसेक प्रति सेकेन्ड होने की जानकारी कोशी बराज नियन्त्रण कक्ष ने दी है।
जल संग्रहण क्षेत्र में गाद भरने से बराज की क्षमता पर पड़ा असर
नियंत्रण कक्ष के अनुसार कोशी बराज के सभी गेट खोलने पर भी पानी की मात्रा कम नहीं होने का संकेत नहीं दिखने के बाद सम्पूर्ण आवागमन बंद करने का निर्णय लेना पड़ा। बता दें कि कोशी बराज की क्षमता निर्माण के वर्ष में आठ लाख क्यूसेक पानी के बहाव को नियंत्रण करने की है। जानकार बताते हैं कि कोशी बराज के जल संग्रहण क्षेत्र में गाद जमा होने और समय पर सफाई नहीं होने के कारण बराज की जल ग्रहण क्षमता पर असर पड़ा है।