खगड़िया जिले में परबत्ता विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं डॉ. संजीव कुमार
खगड़िया (Voice4bihar News)। विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के ठीक पहले सत्ताधारी जदयू को बड़ा झटका लगा है। खगड़िया जिले के परबत्ता से जदयू विधायक डॉ. संजीव कुमार ने पार्टी का दामन छोड़ दिया है। शुक्रवार को गोगरी प्रखंड क्षेत्र के भगवानपुर उच्च विद्यालय में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने राजद की सदस्यता ग्रहण की।
खराब मौसम के कारण पटना से नहीं उड़ा तेजस्वी का हेलीकॉप्टर
डॉ. संजीव कुमार के राजद में शामिल होने का महत्व इसी से समझा जा सकता है कि उन्हें राजद की सदस्यता दिलाने के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद खगड़िया जाने वाले थे। हालांकि खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर पटना से उड़ नहीं सका और वे गोगरी नहीं पहुंच सके, लिहाजा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये उन्होंने समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर डॉ. संजीव कुमार का स्वागत किया।
मिलन समारोह में मौजूद रहे इंडिया गठबंधन के कई नेता
मिलन समारोह में तेजस्वी यादव के नहीं पहुंचने पर अलौली विधायक रामवृक्ष सदा सहित कई लोगों ने डॉ. संजीव कुमार को राजद की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर इंडिया गठबंधन के कई नेता भी मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने की। कार्यक्रम में राजद की सदस्यता लेने से पूर्व मंच पर उपस्थित कई नेताओं ने डॉ. संजीव कुमार का स्वागत करते हुए अपने विचार रखे।
तेजस्वी ने इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने की अपील की
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लोगों का आह्वान किया कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएं और बिहार को विकास की ओर लेते जाएं। नीतीश सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है। घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। थाना से लेकर ब्लॉक में बिना घूस के कोई काम नहीं हो रहा है। इस परिपाटी को खत्म करना है। तेजस्वी ने डॉ. संजीव कुमार के हाथों को मजबूत करने की अपील अपने वोटरों से की।
कांग्रेस विधायक ने कहा-इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार बनना तय
खगड़िया विधानसभा के विधायक सह कांग्रेस नेता छत्रपति यादव ने कहा कि इस बार बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनानी है। कई लोग आएंगे और वादा करेंगे लेकिन परवत्ता विधानसभा में सिर्फ और सिर्फ लालटेन पर ही बटन दबाएं। अलौली विधायक रामवृक्ष सदा ने कहा कि लालू-राबड़ी ने एक ऐसे लाल तेजस्वी को जन्म दिया है जिसके नेतृत्व में सरकार बनेगी। तभी बिहार का विकास संभव है।
एमएलसी राजीव कुमार बोले- मिलकर उठाएंगे क्षेत्र की आवाज
एमएलसी राजीव कुमार ने कहा कि तेजस्वी सरकार बनने पर परबत्ता का एक बार फिर से विकास होगा। कांग्रेस से मैंने विधान परिषद में काफी आवाज उठाई। डॉ. संजीव कुमार ने भी विधानसभा में क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आवाजें उठाई। आगे भी जनता की भलाई के लिए आवाज उठाते रहेंगे। हमारी सरकार बनी तो प्रदेश में बेरोजगारी दूर होगी।
डॉ. संजीव कुमार ने कहा- नीतीश सरकार में हमारी आवाज दबाई जा रही थी
वहीं सदस्यता लेने के बाद परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि पिछले काफी दिनों से नीतीश सरकार में आवाजों को दबाने का कार्य किया जा रहा था। कुछ ऐसे लोग हैं, जो सीएम हाउस को हाईजैक किये हुए हैं। मैंने परबत्ता में अपने दम पर काफी विकास किया है। तेजस्वी सरकार के साथ रहकर और भी विकास करूंगा। तेजस्वी जी युवा हैं, युवाओं की बात को सुनते हैं, इसलिए युवाओं को उन पर विश्वास है। इस बार जनता के बल पर पचास हजार से अधिक वोट से जीतूंगा और विकास करुंगा।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी ही हैं, जो भ्रष्टाचार को मिटा सकते हैं। किसानों की समस्या, जमीन की समस्या, टोपोलैंड की समस्या का निवारण कर सकते हैं। इसलिए इस बार तेजस्वी सरकार बनाना है। इस मौके पर एमएलसी उर्मिला ठाकुर, कैलास यादव, रवि यादव सहित कई नेता व भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।