पटना (voice4bihar news)। चुनाव बाद बिहार में महागठबंधन सरकार बनी तो तेजस्वी सूबे की महिलाओं के खाते में मकर संक्रांति के मौक पर एकमुश्त 30 हजार रुपए भेजेंगे। यह राशि माई-बहिन योजना के तहत हर माह मिलने वाले 25 सौ रुपए का हिस्सा होगी। यानी अगले एक साल की राशि 30 हजार रुपए 14 जनवरी, 2026 को महिलाओं के खाते में चली जाएगी।
वीआईपी की मुकेश सहनी की मौजूदगी में महागठबंधन घोषणा
मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने अचानक बुलायी गयी पत्रकार वार्ता में यह घोषणा की। खास बात है कि बिहार में पहले चरण का मतदान 06 नवंबर को मतदान है। इसके दो दिन पूर्व 04 नवंबर को तेजस्वी ने यह घोषणा की है। पत्रकार वार्ता में राजद के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रो. मनोज कुमार झा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार सिंह, राज्यसभा सांसद संजय यादव एवं प्रदेश राजद के प्रवक्ता एजाज अहमद सहित वीआईपी के सुप्रीमो मुकेश साहनी भी उपस्थित थे। हालांकि इस दौरान कांग्रेस का कोई भी प्रतिनिधि मौजूद नहीं था।
इसके अलावा तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर सभी जीविका दीदियों और अन्य समूह के कैडर की दीदियों को दो हजार रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही सभी जीविका कम्युनिटी मोबिलाइजर्स दीदियों को स्थायी किया जाएगा और उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा।
सभी जीविका कम्युनिटी मोबिलाइजर्स दीदियों को प्रतिमाह तीस हजार रुपए निर्धारित किए जाएंगे। साथ ही उनके ऋण पर ब्याज माफ किया जाएगा तथा दो वर्षों तक बिना ब्याज के ऋण दिया जाएगा। जीविका कैडर के अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष को भी मानदेय दिया जाएगा। तमाम दीदियों का पांच लाख रुपए तक का बीमा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन स्कीम को लागू किया जाएगा। जितने भी सरकारी कर्मचारी हैं उनकी ट्रांसफर और पोस्टिंग 70 किलोमीटर के दायरे में की जाएगी। 8463 पैक्सों के लिए भी मानदेय का भुगतान किया जायेगा।
किसानों को धान और गेहूं की खरीद पर महागठबंधन सरकार देगी बोनस
किसानों को धान और गेहूं के समर्थन मूल्य पर प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस का लाभ दिया जाएगा। किसानों को धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य के अलावा बोनस के रूप में प्रति क्विंटल तीन सौ रुपए और गेहूं पर समर्थन मूल्य के अलावा चार सौ रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त दिए जाएंगे। किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध करायी जाएगी। सभी पैक्सों और व्यापार मंडल के अध्यक्ष को जनप्रतिनिधि का दर्जा दिया जाएगा।