नेपाल के इटहरी से 5 हजार किलो तो नेपाल-भारत सीमा से 262 किलोग्राम गांजा बरामद
जेन-जी आंदोलन के बाद नेपाल में कमज़ोर सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठा रहे ड्रग्स तस्कर
राजेश कुमार शर्मा की रिपोर्ट
जोगबनी (Voice4bihar News)। नेपाल में जेन-जी आंदोलन के बाद देश में अस्थिरता व कमजोर पड़ी सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठाने की कोशिश ड्रग्स तस्कर कर रहे हैं। ताजा मामले में रविवार को नेपाल से भारत आ रहे बंदगोभी के तीन मिनी ट्रकों से 5 हजार 262 किलो गांजा की बरामदगी हुई है। गांजा की इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। जब्त किये गए गांजा की कीमत 17 करोड़ से अधिक आंकी जा रही है।
जेन-जी आंदोलन में जलकर खाक हो गयीं सैकड़ों पुलिस चौकियां
दरअसल, नेपाल में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान पुलिस चौकी भी प्रदर्शकारियों के निशाने पर रहा जिसके बाद सैकड़ों पुलिस चौकियां जल कर खाक हो गई। इसका फायदा अब आपराधिक गतिविधि में शामिल लोग उठा रहे हैं। ड्रग्स व अन्य वस्तुओं की तस्करी में लिप्त गिरोह सीमा पार से अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं।
सब्जी लदे दो ट्रकों में भरा था 5 हजार किलोग्राम गांजा
नेपाल पुलिस के केंद्रीय सूचना केंद्र से जारी सूचना के अनुसार, नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के द्वारा शनिवार की देर रात सुनसरी के इटहरी के एक पेट्रोल पंप पर खड़ी दो सब्जी लोड ट्रक से 5 हजार किलो गांजा बरामद किया गया है। यह कार्रवाई नियमित गश्ती के क्रम में रहे सशस्त्र पुलिस बल की टीम ने 2 ट्रकों में लोड 158 बोरी गांजा को बरामद किया है।
पिकअप वैन में सब्जियों के बीच में रखा था 34 बोरा गांजा
वही गांजा बरामद होने की पुष्टि सशस्त्र पुलिस बल वराह वाहिनी मुख्यालय पकली के वरिष्ठ पुलिस उपरीक्षक सुधीरजंग थापा ने की है। थापा के अनुसार नेपाली ट्रक संख्या ना 4 ख 2901 नम्बर के ट्रक से 124 बोरा व बा 5 ख 1169 नम्बर के बंदगोभी लोडेड मिनी ट्रक से 34 बोरा गांजा बरामद होने की बात कही है। थापा के अनुसार सब्जी की आड़ यह सभी गांजा की खेप भारत भेजने की तैयारी थी। बरामद गांजा व ट्रक को आगे के अनुसंधान के लिए जिला पुलिस कार्यालय सुनसरी को सुपुर्द किया गया है।
जोगबनी सीमा के नजदीक से 272 किलो गांजा बरामद
वहीं, दूसरी घटना में नेपाल से भारत आ रहे बंदगोभी लोडेड मिनी ट्रक से 262 किलो 580 ग्राम गांजा के साथ देर रात तीन लोगों की गिरफ्तारी की गयी है। यह कार्रवाई जोगबनी सीमा से एक किलोमीटर की दूरी पर रहे विराटनगर महानगरपालिका वार्ड संख्या-15 से की गई है। इसकी पुष्टि नेपाल पुलिस के केंद्रीय पुलिस समाचार कक्ष ने की है।
नेपाल से भारत में ले जा रहे थे गांजा की बड़ी खेप
जानकारी के अनुसार उक्त गांजे की खेप के साथ विराटनगर महानगरपालिका– वार्ड 18 के श्याम कुमार यादव, सुनसरी के 20 वर्षीया संजू तमांग व 22 वर्षीय निखिल घिमिरे को शनिवार रात्रि रानीस्थित इलाका पुलिस कार्यालय की टीम ने गिरफ्तार किया है। समाचार कक्ष के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति ने गांजे की खेप भारत ले जाने की बात पुलिस को कही है। दिए गए बयान के आधार पर पुलिस के द्वारा आगे की जांच अनुसंधान करने की बात पुलिस ने कही है।