साजिश का परिणाम है बेनीपट्टी नरसंहार : तेजस्वी
मुख्य आरोपी प्रवीण झा को विधायक विनोद नारायण झा का संरक्षण
मधुबनी (voice4bihar desk)। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि सीएम से बिहार नहीं संभल रहा है। चोर दरबाजे से सत्ता में आ गए हैं तो कम से कम बेहतर शासन करते, लोगों को सुरक्षित रखते। लेकिन, इनके शासन में लोग असुरक्षित हैं। दिनदहाड़े हत्याएं हो रहीं हैं। बेनीपट्टी का महमदपुर नरसंहार पूर्ण रूप से साजिश का परिणाम है। मुख्य आरोपित प्रवीण झा पर विधायक विनोद नारायण झा का संरक्षण है। प्रवीण झा के साथ अधिकारियों का फोटो है। इससे क्या साबित हो रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस दिन घटना हई, पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधिकारियों को फोन किया तो फोन नहीं उठाया। पुलिस काफी देर के बाद पहुंची। इससे साफ है कि घटना को सुनियोजित ढंग से अंजाम दिया गया है। नेता प्रतिपक्ष मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने महमदपुर स्थित उसके घर गये थे।
यह भी पढ़ें : मधुबनी नरसंहार : सीएम की सख्ती के बाद बदले पुलिस के तेवर
विज्ञापन
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब तक डीएसपी व एसपी रहेंगे तब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा। इसलिए सरकार से हमारी मांग है कि तुरंत डीएसपी व एसपी को हटाये और जांच कराए। जब तक अधिकारियों का संरक्षण अपराधियों को रहेगा, तब तक न्याय नहीं होगा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्राथमिक अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तार हो और अगर इसमें किसी पूर्व मंत्री अथवा विधायक का नाम आता है तो उसकी भी जांच हो।

उधर, पीड़ित पक्ष ने नेता प्रतिपक्ष से डीएसपी व एसपी की शिकायत करते हुए कहा कि जब तक ये रहेंगे तब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिल सकता है। परिजनों ने नेता प्रतिपक्ष से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। इससे पूर्व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव महमदपुर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को सांत्वना देते हुए इंसाफ दिलाने की बात कही। इस दौरान पूर्व एमपी लवली आनंद, विधायक चेतन आनंद, समीर महासेठ, भरत मंडल, सीताराम यादव, पूर्व विधायक फैयाज अहमद, एमएलसी सुनील सिंह सहित राजद के कई एमएलए व नेता मौजूद थे।
इसे भी देखें : बेनीपट्टी नरसंहार : इन बच्चों की आंखों में भविष्य के सपने नहीं मौत का खौफ दिख रहा है