भूमि विवाद निपटाने पहुंची पुलिस पर हमला, दारोगा घायल
मौके पर पहुंची चार थाने की पुलिस ने स्थिति को किया काबू
अररिया (voice4bihar desk)। विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पार्टी पर हमला कर भीड़ ने दारोगा को घायल कर दिया। घटना सिमराहा थाने के बोकरा पंचायत की है।बताया जाता है कि सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकड़ा पंचायत के वार्ड संख्या 12 निवासी मो. आलम मुर्गी वाला तथा वार्ड संख्या 10 निवासी हय्यूल के बीच बहुत दिनों से बिहार सरकार की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि किसी जमाने में जमीन हय्यूल की थी। अभी बिहार सरकार की हो गई है।
विज्ञापन
इसी बिहार सरकार की जमीन के कुछ हिस्से को मो. आलम ने अपने नाम से बंदोबस्त कराने के बाद किसी दूसरे के हाथों बेच दिया। बुधवार को आलम अपने नाम से बंदोबस्त जमीन पर मकान का निर्माण कराने लगा। दूसरे पक्ष ने मना किया तो विवाद बढ़ने लगा। सूचना पाकर दोपहर में सिमराहा थाने के दारोगा अनिल सिंह मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने लगे।
इसी क्रम में हय्यूल पक्ष के लोगों ने अनिल सिंह पर हमला कर दिया। इस घटना में दारोगा की अंगुली टूट गई। पुलिस पर हमले की खबर के बाद अररिया नगर, फारबिसगंज, आरएस व सिमराहा थाने की पुलिस भारी संख्या में दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस स्थिति को काबू में करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर अपने साथ थाने ले गई। गिरफ्तार लोगों में बीबी सज्जो, पिता हय्यूल तथा अंसार पिता अब्दुर रहीम शामिल हैं। थानाध्यक्ष साजिद आलम ने बताया कि घायल दारोगा को उपचार के बाद थाने लाया गया है।