पिता लालू प्रसाद को जमानत मिलने से बेहद खुश है बेटी रोहिनी
मानवता और धर्मनिरपेक्षता का संदेश देती कविता लिख पिता का किया गुणगान
पटना (voice4bihar desk)। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली लालू प्रसाद की बेटी रोहिनी आचार्या अपने पिता की जमानत पर बेहद खुश हैं। चारा घोटाले में पिछले तीन साल से अधिक समय से सजा काट रहे लालू प्रसाद को हाल ही में रांची हाईकोर्ट ने जमानत दी है। जमानत मिलने के बाद लालू प्रसाद अपनी सांसद बेटी मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। रांची की जेल में बंद लालू प्रसाद पिछले साल के आखिर में इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती हुए थे। जमानत मिलने के बाद लालू प्रसाद दिल्ली में ही रुके हुए हैं।
इधर, उनकी एक अन्य बेटी रोहिनी आचार्या ने ट्वीटर पर पिता लालू प्रसाद के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए चंद लाइनों की कविता लिखी है। मानवता और धर्मनिरपेक्षता का संदेश देती इस कविता में रोहिनी ने लिखा है कि
हम उस पापा की बिटिया हैं..
मानवता का पाठ पढ़ाया जिसने..
आदर्शों पर चलकर चलना..
हमें सिखलाया जिसने..
हिंदुस्तानी है हम.. हिंदुस्तानी ही बनकर हम रहने वाले!!
कौन सा धर्म अपनाए हम..
विज्ञापन
मंदिर मस्जिद गुरुद्वारे चर्च जाकर..
क्या हिंदुस्तानी नहीं कहलाए हम..
एक ही धर्म की कट्टरता में..
क्या भूल जाएं मानवता को हम..
सुन लो धर्म के ठेकेदारों..
हमें धर्म का ना पाठ पढ़ाना..
मानवता को हम मानने वाले..
हम उस पापा की बिटिया हैं..
रोहिनी आर्या की इस कविता को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। इसे बुधवार को दिन भर में पांच हजार से अधिक लोग लाइक कर चुके हैं। हालांकि राजद के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की मौत के बाद उनके पार्थिव शरीर को सीवान लाने के अनुमति नहीं मिलने से खफा एक वर्ग विशेष के लोग रोहिनी से सवाल भी कर रहे हैं।