कोरोना से सुशील मोदी के भाई समेत बिहार में 97 मरे
राजधानी पटना में सरकारी आंकड़ों के अनुसार 30 मरीजों की मौत
पटना (voice4bihar desk)। राजधानी पटना में पिछले 24 घंटे में 2748 मरीज मिले हैं जबकि इस दौरान यहां 30 कोरोना मरीजों की मौत सरकारी आंकड़ों के अनुसार हो गयी है। मृतकों में राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के छोटे भाई 65 वर्षीय अशोक कुमार मोदी भी शामिल हैं। अशोक मोदी के निधन की खबर खुद सुशील मोदी ने अपने ट्वीटर हैंडल पर दी है।
बिहार में पिछले 24 घंटे में 13,534 कोरोना संक्रमितों का पता चला है जबकि इस दौरान 97 लोगों की इस बीमारी से मौत हो गयी है। यह एक दिन में इस संक्रमण से मौत का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके साथ ही बिहार में इस संक्रमण से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 2739 पर पहुंच गया है। इनमें 517 लोगों की मौत पिछले छह दिनों में हुई है। बिहार में एक्टिव मरीजों की कुल संख्या 1,09,945 है।
विज्ञापन
वैशाली 805, पश्चिम चंपारण 652, नालंदा 611, बेगूसराय 569, गया 544, भागलपुर 535, पूर्णिया 483, सहरसा 428, औरंगाबाद 410, सारण 376, कटिहार 374, गोपालगंज 365, मधुबनी 351, शेखपुरा 306, मधेपुरा 299, सुपौल 295, मुजफ्फरपुर 291, समस्तीपुर 268, रोहतास 248, पूर्वी चंपारण 239, अरवल 237, खगड़िया 223, सीवान 220, अररिया 218, सीतामढ़ी 165, बक्सर 143, मुंगेर 134, नवादा 131, दरभंगा 125, जहानाबाद 107 और जमुई में 101 मरीज मिले हैं।
इस बीच, राजधानी पटना में मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां के जयप्रभा मेदांता अस्पताल में कोविड वार्ड के निर्माण का कार्य जारी है। इसके अलावे पाटलिपुत्रा खेल परिसर में भी 100 बेड का अस्थायी कोविड अस्पताल बनाया जा रहा है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने अधिकारियों के साथ इन निर्माणाधीन अस्पतालों का निरीक्षण किया है। उम्मीद है कि दोनों अस्थायी कोविड अस्पताल सोमवार से काम करने लगेंगे।