पटना (voice4bihar desk)। रविवार को भी पूरे राज्य में शीतलहर का प्रकोप जारी रहा हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। समस्तीपुर जिले के पूसा में स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अब्दुस सत्तार ने बताया कि सोमवार का राज्य के अधिकतर हिस्से का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से करीब पांच डिग्री कम था।
विज्ञापन
डॉ. सत्तार के मुताबिक सोमवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा जो सामान्य से करीब चार डिग्री कम है। डॉ. अब्दुस सत्तार ने बताया कि सर्द पछिया हवा के कारण तापमान गोते लगा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी 2-3 दिनों तक मौसम के थर्ड डिग्री टॉर्चर से राहत मिलने की उम्मीद काफी कम है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान के काफी कम अंतर रहने के कारण भीषण कनकनी का अहसास दिन में भी बना रहता है।
मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को राजधानी पटना में धूप खिली रहेगी और दिन के तापमान में वृद्धि होगी। अधकितम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इसके चलते सुबह और रात में कनकनी बरकरार रहेगी।